कपूरथला में विधायक राणा गुरजीत सिंह की कोठी के पास गुरुवार शाम एक महिला पर फायरिंग की गई। मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके पास से एक .30 बोर पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई एक्टिवा व बुलेट बाइक बरामद की है। एसपी (डी) प्रभजोत सिंह ने बताया कि गुरुवार शाम उन्हें सूचना मिली थी कि विधायक राणा गुरजीत सिंह की कोठी से महज 100 मीटर की दूरी पर पांच लोगों ने एक महिला को घेरकर फायरिंग की थी। गोली महिला की जांघ के आर-पार हो गई थी। घायल महिला को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जालंधर से पकड़े गए 5 आरोपी घटना की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस ने जांच शुरू की और पांच युवकों की पहचान की, जो एक एक्टिवा और बुलेट बाइक पर आए थे। थाना सिटी में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। जांच में आरोपियों की पहचान शेरगढ़ मोहल्ला निवासी देव दर्शन, गांव दबुर्जी निवासी सूरज थापर, मोहल्ला शहरिया निवासी कृष्ण लाहोरिया, अजीत नगर निवासी हरमनदीप भंडाल और मोहल्ला कायमपुरा निवासी अनमोल कुमार के रूप में हुई। डीएसपी शीतल सिंह और सिटी एसएचओ अमनदीप की पुलिस टीम ने ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर जांच करते हुए सभी आरोपियों को जालंधर से गिरफ्तार किया। आरोपियों पर पहले से कई केस दर्ज एसपी (डी) प्रभजोत सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी कृष्ण लाहोरिया पर पहले एक और देवदर्शन पर आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं। मुख्य आरोपी देवदर्शन की महिला से दोस्ती थी और दो दिन पहले ही सिटी थाना में दोनों के बीच राजीनामा हुआ था।