अमृतसर के अजनाला क्षेत्र में एक नवजात बच्चे का शव कूड़े के ढेर में मिला है। यह घटना कुहाली नहर के पास सामने आई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने शव देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासियों ने कूड़े के ढेर में बच्चे का शव देखा। उन्होंने इस घटना को समाज के लिए शर्मनाक बताया और प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने नवजात के शव को कब्जे में लिया सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नवजात के शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि बच्चे का जन्म हाल ही में हुआ था और उसकी मौत जन्म के कुछ ही समय बाद हो गई थी। CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बच्चे के शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि, मौत के सही कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। पुलिस ने अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि इस अमानवीय कृत्य को “मानवता के खिलाफ अपराध” मानते हुए कड़ी कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि इससे भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सकेगा।