बरनाला जिले के महल कलां विधानसभा क्षेत्र के हमीदी गांव में एक 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि नौकरी न मिलने से मानसिक रूप से परेशान होने के कारण उसने गलत दवा का सेवन कर लिया था। इलाज के दौरान उसकी हालत बिगड़ने पर बरनाला के एक निजी अस्पताल में उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान दविंदर सिंह के रूप में हुई है। उसके भाई दलवीर सिंह ने बताया कि दविंदर एक गरीब परिवार से था और अपने माता-पिता व छोटे भाई के सपनों को पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत करता था। वह 12वीं के बाद बरनाला में ग्रेजुएशन की पढ़ाई भी कर रहा था। चयन नहीं होने से परेशान था युवक दविंदर सिंह सेना और पंजाब सरकार में विभिन्न नौकरियों के लिए आवेदन कर रहा था और शारीरिक रूप से खुद को तैयार भी कर रहा था। हालांकि, कई वर्षों के प्रयासों के बावजूद उसका किसी भी विभाग में चयन नहीं हो पाया। इस असफलता के कारण वह पिछले कई दिनों से मानसिक रूप से परेशान था और दवा भी ले रहा था। मानसिक परेशानी के चलते दविंदर सिंह ने पिछले दिनों गलत दवा का सेवन कर लिया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। उसे तुरंत बरनाला के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। माता पिता के साथ मजदूरी भी करता था युवक दविंदर सिंह अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने और भरण-पोषण के लिए अपने माता-पिता के साथ मजदूरी भी करता था। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना ने परिवार को गहरा सदमा पहुंचाया है। मृतक के परिजनों ने पंजाब सरकार से इस गरीब परिवार को आर्थिक मदद प्रदान करने की अपील की है, ताकि परिवार के शेष सदस्यों का गुजारा हो सके। दविंदर सिंह अपने पीछे मां प्रदीप कौर, पिता गुरमीत सिंह और 17 वर्षीय छोटे भाई सतनाम सिंह को छोड़ गए हैं। इस मामले में जांच अधिकारी ASI अमरजीत सिंह ने बताया कि मृतक के परिवार के बयानों के आधार पर धारा 194 BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है।
