जोधपुर मंडल से चलने वाली कुछ ट्रेनों के संचालन में अस्थाई रूप से बदलाव किया जा रहा है, क्योंकि जयपुर रेलवे स्टेशन पर पुनर्विकास कार्य के तहत एयर कॉनकोर्स (फेज-2) निर्माण कार्य चल रहा है। इसके लिए 9 नवंबर से 12 दिसंबर तक ब्लॉक लिए जाने से रानीखेत एक्सप्रेस का मार्ग अस्थाई रूप से बदल दिया गया है। इस दौरान कुल 18 ट्रिप में यह ट्रेन जयपुर होकर नहीं चलेगी, बल्कि फुलेरा-रिंगस-रेवाड़ी के वैकल्पिक मार्ग से संचालित होगी। जोधपुर मंडल के डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे यात्रा से पूर्व अपनी रेलसेवाओं की नवीनतम स्थिति की जांच अवश्य करें।​ जैसलमेर-काठगोदाम रानीखेत का परिवर्तित मार्ग डीआरएम त्रिपाठी ने बताया कि ट्रेन संख्या 15013 जैसलमेर-काठगोदाम रानीखेत एक्सप्रेस 9 से 12, 14, 22 से 24, 26 से 28, 30 नवंबर से 2 दिसंबर तथा 6 से 9 दिसंबर तक कुल 18 ट्रिप में अपने निर्धारित मार्ग फुलेरा-जयपुर-रेवाड़ी की जगह परिवर्तित मार्ग फुलेरा-रिंगस-रेवाड़ी होकर चलेगी। इस दौरान ट्रेन का ठहराव रिंगस, नीमकाथाना, नारनौल तथा अटेली स्टेशनों पर रहेगा।​ काठगोदाम-जैसलमेर रानीखेत का मार्ग बदला इसी तरह, ट्रेन संख्या 15014 काठगोदाम-जैसलमेर रानीखेत एक्सप्रेस 8 से 11, 13, 21 से 23, 25 से 27, 29 नवंबर से 1 दिसंबर तथा 5 से 8 दिसंबर तक कुल 18 ट्रिप में अपने निर्धारित मार्ग रेवाड़ी-जयपुर-फुलेरा की जगह परिवर्तित मार्ग रेवाड़ी-रिंगस-फुलेरा होकर संचालित होगी। इस अवधि में यह ट्रेन अटेली, नारनौल, नीमकाथाना तथा रिंगस स्टेशनों पर ठहरेगी।​ लीलण एक्सप्रेस रहेगी आंशिक रद्द जयपुर मंडल के समपार फाटक संख्या 235 पर आरसीसी बॉक्स डालने के कार्य के लिए लिए जा रहे ट्रैफिक ब्लॉक के कारण लीलण एक्सप्रेस चार ट्रिप आंशिक रूप से रद्द रहेगी। ट्रेन संख्या 12467 जैसलमेर-जयपुर लीलण एक्सप्रेस सुपरफास्ट 22 व 24 नवंबर तथा 6 व 8 दिसंबर को जयपुर की बजाय केवल फुलेरा तक ही चलेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 12468 जयपुर-जैसलमेर लीलण एक्सप्रेस इन्हीं तिथियों में जयपुर के स्थान पर फुलेरा से रवाना होगी। दोनों ट्रेनें जयपुर-फुलेरा खंड के बीच आंशिक रूप से रद्द रहेंगी।​ मरुधर एक्सप्रेस तीन घंटे देरी से रवाना होगी जयपुर स्टेशन री-डवलपमेंट के चलते ब्लॉक अवधि के दौरान ट्रेन संख्या 14854/14864/14866 जोधपुर-वाराणसी सिटी मरुधर एक्सप्रेस जोधपुर से 9 नवंबर रविवार से 13 दिसंबर तक अपने निर्धारित समय सुबह 8:25 बजे के स्थान पर 3 घंटे देरी यानी 11:25 बजे रवाना होगी। यह परिवर्तन केवल ब्लॉक अवधि तक सीमित रहेगा और ब्लॉक समाप्त होने के पश्चात ट्रेन पूर्व निर्धारित समय से ही चलेगी। वाराणसी से जोधपुर आने वाली मरुधर एक्सप्रेस के समय या ठहराव में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।​ रेल प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा से पूर्व संबंधित तिथियों में अपनी रेलसेवाओं की नवीनतम स्थिति रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से अवश्य जांच लें।​