कोटा शहर में अपनी कार की सर्विस करवा रहे युवक पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बदमाशों ने फायरिंग कर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। जिसके बाद दो गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार को सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। घटना उद्योग नगर थाना क्षेत्र के न्यू मोटर मार्केट में मंगलवार रात की है। मृतक युवक की पहचान आसिफ कालिया(34) निवासी किशोरपुरा के रूप में हुई,जो सब्जी मंडी में फल-फ्रूट का ठेला लगाता था। मामला आपसी रंजिश का बताया जा रहा है। सर्विस कराने के बाद कार लेने न्यू मोटर मार्केट गया था आसिफ दरअसल, मंगलवार को न्यू मोटर मार्केट में आसिफ अपनी कार को सर्विस करवाने के लिए छोड़कर आ गया था। फिर रात को आसिफ वापस अपनी गाड़ी लेने न्यू मोटर मार्केट पहुंचा, तभी करीब 8-10 बदमाशों ने अचानक उसकी गाड़ी पर अपनी कार चढ़ा दी। कुल्हाड़ी से हमला कर फायरिंग की वारदात को दिया अंजाम इतना ही नहीं इस दौरान जब आसिफ ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने फायरिंग कर कुल्हाड़ी से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस दौरान दो गोली लगने से आसिफ गंभीर रूप से घायल हो गया। ऐसे में आसिफ को मरा हुआ समझकर बदमाश मौके से भाग गए। झगड़े की सूचना आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को दी, जिसके बाद उद्योग नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर 108 एंबुलेंस की मदद से गंभीर हालत में घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर इलाज के दौरान शनिवार को उसने दम तोड़ दिया। फल-सब्जी मंडी में काम करने वाले लोगों से पहले भी हुआ था झगड़ा मृतक के भाई आरिफ ने बताया कि आसिफ की कुछ लोगों से पुरानी रंजिश चल रही थी। फल-सब्जी मंडी में काम करने वाले कुछ लोगों के साथ पहले भी झगड़ा हुआ था, जिसमें दो बार राजीनामा भी हो चुका था, लेकिन इसके बावजूद आरोपी इंसाफ, रेहान और उसके साथियों ने मंगलवार की रात को फिर से हमला कर दिया। आगे आरिफ ने बताया कि कोटा शहर एसपी तेजस्विनी गौतम भी अस्पताल पहुंची थी, उन्होंने आसिफ से बात भी की थी। इस दौरान एसपी को उसने घटनाक्रम के बारे में आरोपियों के नाम भी बताए थे। हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस उद्योगनगर थाना अधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि मामला आपसी रंजिश से जुड़ा है। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में टीमें गठित कर दी गई हैं। एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है।
