चित्तौड़गढ़ में चलती कार के बोनट से धुआं उठा। देखते ही देखते तेजी से आग भड़की और सफेद रंग की स्विफ्ट कार चपेट में आ गई। घटना के बाद ड्राइवर फरार हो गया। लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम और फायरब्रिगेड को सूचना दी। आग बुझाने को दौरान कार के बोनट से जले हुए नोट निकलने लगे। 100-200 और 500 के जले नोटों के आधार पर पुलिस ने बताया कि यह लाखों की नकदी है। मामला जिले के सदर थाना इलाके का है। घटना रिठोला चौराहे पर शनिवार दोपहर 3 बजे के करीब हुई। कार अजमेर नंबर की बताई जा रही है। कार के बोनट से निकले जले हुए नोट.. उदयपुर की ओर जा रही थी कार
सदर थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार- अजमेर नंबर की कार रिठोला चौराहा होते हुए उदयपुर की तरफ जा रही थी। अचानक कार का बोनट जलने लगा। चंद मिनट में पूरी कार जल उठी। ड्राइवर कार को चौराहे पर जलती छोड़ फरार हो गया। आग की सूचना मिलते ही सदर थाना अधिकारी निरंजन प्रताप सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत नगर परिषद और हिंदुस्तान जिंक की दमकल गाड़ियों को बुलवाया। फायर ब्रिगेड टीम में चालक यशवंत, फायरमैन जितेंद्र सिंह, त्रिलोक भोई और नारायण मीणा मौके पर पहुंचे। करीब 10 मिनट बाद आग पर काबू पा लिया। हालांकि, कार पूरी तरह जल चुकी थी और अंदर की सारी चीजें राख हो गई थी। बर्निंग कार की 3 तस्वीरें.. बोनट से निकला जले हुए नोटों का ढेर
आग बुझाई गई तो पुलिस ने कार की जांच शुरू की। इस दौरान इंजन के ऊपर और बोनट के अंदर से जले हुए नोटों का ढेर मिला। सभी नोट 100, 200 और 500 रुपए के थे। नोट इतनी बुरी तरह जल चुके थे कि पहचानना मुश्किल था। पुलिस के मुताबिक यह रकम लाखों रुपए में हो सकती है। कार में इतनी बड़ी नकदी क्यों रखी गई थी, यह फिलहाल साफ नहीं हो सका है। FSL टीम से कराएंगे नोटों की जांच
सदर थाना अधिकारी निरंजन प्रताप सिंह ने बताया- घटना के बाद पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जल चुके नोटों को भी सबूत के तौर पर जब्त किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कार किसकी है और इतना पैसा कहां से आया? फरार हुए ड्राइवर का भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने मामला संदिग्ध बताया है। पुलिस का मानना है कि कार में रखे पैसे किसी गलत काम के लिए या छिपाने के लिए ले जाए जा रहे थे। कार मालिक और ड्राइवर के सामने आने के बाद ही सच्चाई का पता लगेगा।
