पाली में महापड़ाव पर बैठे लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने लाठीचार्ज कर उनको खदेड़ा। हजारों की संख्या में मौजूद लोगों को काबू में करने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए। पथराव में QRT कॉन्स्टेबल पुखराज घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया। पथराव के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस बल ने कड़ी मशक्कत के बाद हालातों को काबू में किया। करीब 1 घंटे तक स्थिति तनावपूर्ण रही और ब्यावर-पिंडवाड़ा हाईवे (NH-162) पर लंबा जाम लग गया। फिलहाल शांति व्यवस्था को लेकर प्रशासन की राष्ट्रीय पशुपालक संघ और डीएनटी (घुमंतु, अर्ध घुमंतु एवं विमुक्त) संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल से बातचीत जारी है। घटना रानी तहसील के बालराई गांव में शुक्रवार की शाम करीब 4 बजे हुई। पहले देखिए हाईवे पर हुए घटनाक्रम की 3 तस्वीरें… डीएनटी मंत्रालय की मांग को लेकर प्रदर्शन
राष्ट्रीय पशुपालक संघ व राजस्थान में डीएनटी (घुमंतु, अर्ध घुमंतु एवं विमुक्त) संघर्ष समिति की ओर से 10 प्रमुख मांगों को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा है। इस कड़ी में शुक्रवार को बालराई गांव के पास हाईवे पर प्रदर्शनकारियों ने महापड़ाव डाल दिया। राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह देवासी के नेतृत्व में बड़ी संख्या लोग हाईवे पर आ गए। पुलिस ने उनसे कई दौर की वार्ता की और समझाया, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद गुस्साए लोगों ने हाईवे जाम कर दिया। पुलिस हाईवे पर ट्रैफिक शुरू करवाने पहुंची तो भीड़ में से कुछ लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। स्थिति को कंट्रोल में करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज कर लोगों को हाईवे से खदेड़ा। हाईवे पर जाम के कारण रूट डायवर्ट किया गया। एडीएम बोले- 2 बार हाईवे जाम करने की कोशिश की थी
बाली एडीएम शैलेंद्र सिंह चारण ने बताया- शाम के समय दिन में 2 बार हाईवे जाम करने की कोशिश की गई। इस दौरान हमने समझाइश का प्रयास किया। इसके बाद भी जब इन्होंने हाईवे जाम कर दिया, तो हल्का बल प्रयोग कर उनको खदेड़ा। फिलहाल मौके पर शांति है। मौके पर भारी पुलिस जाब्ता तैनात
ASP विपिन शर्मा ने बताया- पथराव के बाद तनावपूर्ण स्थिति हो गई थी, लेकिन अब हालात काबू में है। पशुपालकों के प्रतिनिधिमंडल से बात चल रही है। मौके पर भारी पुलिस जाब्ता तैनात है। आईजी राजेश मीणा और एसपी आदर्श सिधु भी मौके पर पहुंचे और जायजा लिया।