पंजाब के तरनतारन में 18 वर्षीय युवती की जबरन जहरीली दवा खिलाकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि युवक के लड़की से प्रेम संबंध थे। अलग जाति होने के कारण लड़की और उसके परिवार ने इस रिश्ते से इनकार कर दिया था। इसी के चलते युवक ने घर में घुसकर युवती को जहर खिला दिया युवती की मां ने इसकी शिकायत थाना सदर तरनतारन की पुलिस को दी। पुलिस ने युवक और उसकी मां के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। युवक अभी फरार है। मृतक युवती की पहचान गुरप्रीत कौर के रूप में हुई है। वह 12वीं पास थी। उसका एक छोटा भाई है। युवक और युवती में होती थी बातचीत
युवती की मां के मुताबिक खोजकीपुर गांव के रहने वाले जरमनजीत सिंह की उसकी बेटी के साथ बातचीत थी। जरमनजीत सिंह ने गुरप्रीत कौर से शादी करने के सपने देखे थे। दोनों के बीच 2 साल से अफेयर था। जाति का पता लगने पर युवती की मां ने किया विरोध
युवक उसे अकसर फोन करता और शादी की बातें करता था। लेकिन जब लड़की की मां को लड़के के अनुसूचित जाति से होने का पता चला तो उसने इसका विरोध किया। मां ने बेटी को कहा कि ये रिश्ता नहीं हो सकता है। इस पर गुरप्रीत ने भी उससे दूरी बना ली। घर में घुसकर जबरन जहर खिलाया
युवक ने इसे अपने अहंकार का मुद्दा बना लिया। बताया जा रहा है कि उसने कई बार गुरप्रीत को मनाने की कोशिश की, पर जब लड़की ने साफ कह दिया कि वह अब उससे कोई रिश्ता नहीं रखना चाहती, तो वह बौखला गया। गुस्से में उसने मां की मदद से यह साजिश रची और 5 नवंबर को घर में घुसकर जहर पिला दिया। लड़की के ठुकराने पर बौखलाया युवक
गांव के लोगों के मुताबिक, आरोपी को इस बात का गुस्सा था कि लड़की ने उसे ठुकरा दिया और अब उसकी शादी कहीं और तय हो सकती थी। इसीलिए उसने “अगर मेरी नहीं तो किसी की नहीं” सोचकर जान लेने जैसा कदम उठा लिया। मां की शह पर युवक ने कदम उठाया
युवती की मां ने बताया कि युवक ने अपनी मां भोली कौर की शह पर ये सब किया। जहर पिलाने के बाद गुरप्रीत कौर को तरनतारन के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार (7 नवंबर) को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दर्ज किया केस
सदर थाने के एसएचओ अवतार सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। वहीं पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।