लुधियाना के माछीवाड़ा में सतलुज दरिया में रेत माफिया लगातार कई दिनों से नाजायज माइनिंग कर रहा है। पहले ग्रामीणों ने रेत माफिया को अवैध माइनिंग करने से रोका और बीती रात पुलिस ने अवैध माइनिंग को रोकने के लिए नाकेबंदी की। रेत माफिया इतना दबंग है कि उन्होंने पहले पुलिस का नाका तोड़ा और जब पुलिस कर्मियों ने रेत के वाहनों को रोकने की कोशिश की तो रेत माफिया ने पुलिस पर ही गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। हालांकि पुलिस कर्मियों ने खुद को किनारे करके अपनी जान बचाई। पुलिस वालों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश आरोपी मौके से रेत के वाहन लेकर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया है। थाना माछीवाड़ा के पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रेत माफिया ने नाके पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। उनके खिलाफ पर्चा दर्ज कर दिया है। आगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं कि रेत ले जाने वाले कौन थे। किसानों ने दरिया में घेरे रेत के वाहन किसान यूनियन राजेवाल ने भी मोर्चा खोलते हुए सतलुज बांध पर कुछ रेत के वाहनों को रोका। कुछ वाहन तो रेत खाली करके वहां से भाग गए जबकि कुछ वाहन किसानों ने घेर लिए। किसानों का कहना है कि रेत वाले उनके नाम की पर्चियां बनाकर अवैध माइनिंग कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। दो दिन पहले रात को ग्रामीणों ने पकड़े थे कारिंदे दो दिन पहले भी ग्रामीणों ने रेत माफिया को रात में पकड़ा था। ग्रामीणों ने थाना माछीवाड़ा में चार लोगों को पकड़वाया था और उनके वाहन व मशीनरी भी पुलिस को पकड़ाई थी। पुलिस मशीनरी को लेकर थाने गए।
