अंता विधानसभा उप चुनाव में बीजेपी ने पूरी ताकत झोंक दी। भाजपा प्रत्याशी मोरपाल सुमन के समर्थन में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने मांगरोल (बारां) में रोड शो किया। पार्टी ने इस रोड शो के जरिए संगठन की एकजुटता दिखाई। रोड शो के लिए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। करीब ढाई किलोमीटर लंबे रोड शो का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। राजे ने कहा- पिछली सरकार में किए गए वादे अब पूरे हो रहे हैं। रोड शो के दौरान रथ पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा और भाजपा प्रत्याशी मोरपाल सुमन भी मौजूद रहे। बता दें, अंता उपचुनाव के लिए 11 नवंबर को मतदान होगा और 14 नवंबर को मतगणना होगी। इस उपचुनाव में भाजपा के मोरपाल सुमन, कांग्रेस के प्रमोद जैन भाया और निर्दलीय नरेश मीणा के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है। रोड शो से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा चार्टर प्लेन से झालावाड़ पहुंचे। जहां से हेलिकॉप्टर द्वारा मांगरोल दोपहर करीब 2 पहुंचे। रोड शो को लेकर पुलिस और प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया। रोड शो सुभाष चौक से शुरू हुआ, जो सीसवाली तिराहे पर समाप्त हुआ। जगह-जगह लोगों ने रोड शो का अलग-अलग तरह से स्वागत किया। मुस्लिम समाज की ओर से जेसीबी पर चढ़कर पुष्प वर्षा की गई। रोड के लिए 51 से ज्यादा स्वागत द्वार लगाए गए। गौरतलब है कि अंता उपचुनाव में भाजपा द्वारा टिकट देने में हुई देरी को लेकर पार्टी के अंदर असंतोष की चर्चाएं थीं। विपक्ष भी लगातार भाजपा पर गुटबाजी के आरोप लगाता रहा है। ऐसे में भजनलाल शर्मा और वसुंधरा राजे के रोड शो से एकजुटता का संदेश दिया गया।