चूरू में भाजपा उपाध्यक्ष के भाई को करंट लग गया। बालाजी मंदिर में टेंट लगाते समय मजदूर का सहयोग कर रहे थे, तभी पोल हाईटेंशन लाइन से टच हो गया। करंट लगते ही वह जमीन पर गिर गए और मजदूर सीढ़ियों पर लटक गया। आसपास खड़े लोगों ने गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, उनका हार्ट काम करना बंद कर दिया था। डीबी अस्पताल मेडिकल कॉलेज में इमरजेंसी टीम ने सीपीआर और इलेक्ट्रिक शॉक देकर उनकी जान बचाई। घटना बुधवार शाम नयाबास मोहल्ले की है। इसका वीडियो आज सामने आया है। हादसे में घायल ताराचंद सैनी (45) किशोर न्याय बोर्ड का मेंबर हैं। सबसे पहले देखिए हादसे के 3 फोटो… भाजपा जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र सैनी ने बताया कि मोहल्ले में बालाजी मंदिर के कार्यक्रम के लिए टेंट लगाया जा रहा था। इस दौरान मेरा छोटा भाई ताराचंद सैनी (45) काम कर रहे एक मजदूर की मदद करने लगा। तभी पोल हाईटेंशन लाइन से टच हो गया। हादसे में उनके साथ मजदूर भी झुलस गया। दोनों घायलों को निजी वाहन से डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड लाया गया। ताराचंद की हालत गंभीर थी। अस्पताल पहुंचने पर वह अचेत अवस्था में थे, उनका हार्ट काम नहीं कर रहा था। ईसीजी स्टेट लाइन थी और ऑक्सीजन लेवल व ब्लड प्रेशर शून्य था। सीपीआर और दो बार डीसी शॉक देने से लौटी धड़कन घटना की सूचना मिलने पर प्रिंसिपल डॉ. पुकार तुरंत अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अपनी टीम के साथ मिलकर खुद सीपीआर दिया और दो बार डीसी शॉक भी दिया। इसके बाद ताराचंद की हालत को देखते हुए डॉ. पुकार ने एनेस्थीसिया डॉक्टर का इंतजार किए बिना खुद ही रोगी को इंट्यूबेट (‘श्वांस नली में ट्यूब डाला) किया। इसके बाद रोगी के हार्ट ने काम करना शुरू कर दिया। तत्काल सैनी को मेडिसिन ICU में शिफ्ट किया गया और वेंटिलेटर पर रखा गया। डॉ. पुकार और उनकी टीम ने आईसीयू में भी लगातार उनकी निगरानी की। उनकी स्थिति में काफी सुधार आया है। गुरुवार दोपहर उन्हें वेंटिलेटर से हटा दिया गया और फिलहाल वे सामान्य ऑक्सीजन पर हैं। तुरंत सीपीआर ने किया संजीवनी बूटी का काम मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. पुकार ने बताया कि ताराचंद सैनी को करंट लगने के बाद कमांडो सुरेन्द्र कस्वां व SI रामजीलाल ने तुरन्त सीपीआर दिया। पांच मिनट में इमरजेंसी वार्ड पहुंचाया। यह सीपीआर ताराचंद सैनी के लिए जीवनदान बन गया।