पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार को पठानकोट जिले में रंजीत सागर डैम के नीचे निर्मित शाहपुर कंडी बैराज प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया। करीब 30 साल के इंतजार के बाद यह परियोजना अब पूरी होने के कगार पर है। यह परियोजना 206 मेगावॉट बिजली का उत्पादन करेगी और क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराएगी। इस अवसर पर सीएम भगवंत मान ने कहा कि यह परियोजना प्रदेश की जनता के लिए एक बड़ा उपहार है। बताया कि यह प्रोजेक्ट लगभग 3300 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हुआ है। इसका 90% कार्य पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री ने गुरु पर्व के पावन अवसर पर इस परियोजना के उद्घाटन को शुभ बताया। उन्होंने कहा कि इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इस दौरान मुख्यमंत्री मान ने केंद्र सरकार पर भी तीखे प्रहार भी किए। 206 मेगावॉट बिजली का होगा उत्पादन बता दें कि, इस परियोजना से 206 मेगावॉट बिजली का उत्पादन होगा। इसकी झील की क्षमता बढ़ने से अब रंजीत सागर डैम की सभी चार टरबाइन चलाकर 600 मेगावॉट बिजली भी पैदा की जा सकेगी। शाहपुर कंडी बैराज प्रोजेक्ट की झील की कुल क्षमता 398 मीटर है और अतिरिक्त पानी छोड़ने के लिए इसमें कुल 22 गेट बनाए गए हैं। इस प्रोजेक्ट के बनने से पंजाब के माझा क्षेत्र के अधिकांश जिलों के किसानों को खेती के लिए पर्याप्त पानी मिलेगा। इसके साथ ही, जम्मू-कश्मीर के उन किसानों को भी बड़ा लाभ होगा जो पहले बारिश पर निर्भर रहते थे।