रूपनगर पुलिस ने नंगल में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 900 ग्राम अफीम, 6.5 ग्राम चरस, दो देसी पिस्तौल, 18 जिंदा कारतूस और 60 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। आरोपी की कार भी जब्त कर ली गई है। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री भगवंत मान और डीजीपी पंजाब गौरव यादव के ‘जीरो ड्रग्स और हथियार विरोधी अभियान’ के तहत की गई। रूपनगर के वरिष्ठ पुलिस कप्तान गुलनीत सिंह खुराना (आईपीएस) के नेतृत्व में जिला पुलिस को यह सफलता मिली। इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह की निगरानी में स्पेशल ब्रांच की टीम को गुप्त सूचना मिली थी। इसमें बताया गया कि नंगल क्षेत्र में एक व्यक्ति हथियार और नशे के साथ घूम रहा है। नाकेबंदी कर तस्कर को पकड़ा सूचना के आधार पर नंगल पुलिस टीम के सहयोग से एनएफएल चौक के पास नाकाबंदी की गई। नाकाबंदी के दौरान, पुलिस ने एक सफेद वरना कार (PB 12 R 0060) को रुकने का इशारा किया। चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ऊपरी नंगल निवासी नकुल कुमार उर्फ सन को गिरफ्तार कर लिया। नकुल कुमार की तलाशी लेने पर 900 ग्राम अफीम, 6.5 ग्राम चरस, दो देसी पिस्तौल (.32 बोर), 18 जिंदा कारतूस और 60 हजार रुपए नकद (ड्रग मनी) बरामद हुए। उसकी कार भी जब्त कर ली गई।इस संबंध में थाना नंगल में एफआईआर नंबर 198, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस को उसे तीन दिन का रिमांड मिला है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी नकुल कुमार ने बताया कि उसने ये हथियार लुधियाना क्षेत्र के एक प्रवासी व्यक्ति से खरीदे थे। पुलिस अब उस सप्लायर की पहचान करने और आगे की कार्रवाई में जुटी है।
