नागौर में मंगलवार को जैन मुनि विजय नित्यानंद सूरीश्वर महाराज का अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उन्हें पद्मश्री पुरस्कार दिया गया। इसके साथ ही उन्हें सोने की स्याही से लिखा अभिनंदन पत्र भी सौंपा गया। ये आयोजन शहर के नौ छतरियां दादाबाड़ी में हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत में उन्होंने कहा- पिछले एक साल में जो भी गलतियां हुईं, उसके लिए नागौरवासियों से मिच्छामी दुक्कड़म…मिच्छामी दुक्कड़म…मिच्छामी दुक्कड़म। वे बोले- आज विश्व में जब हिंसा, आतंकवाद और सांप्रदायिक संघर्ष बढ़ रहे हैं, ऐसे समय में राजनीति से जुड़े लोगों को अहिंसा का प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए। कार्यक्रम में विजय नित्यानंद महाराज को भगवान महावीर स्वामी के “जियो और जीने दो” के सिद्धांत को चरितार्थ करने के लिए पद्मश्री पुरस्कार दिया गया। कार्यक्रम में जैन मुनि विजय नित्यानंद सूरीश्वर ने दिए समाज के लिए चार मैसेज…
पहला: किसी का अहित नहीं करेंगे।
दूसरा: सेवा, करुणा और सहिष्णुता को अपनाएंगे।
तीसरा: मानवता की सेवा से ऊंचा कोई काम नहीं है।
चौथा: अपने लिए जिए तो क्या जिए, जियो तो जियो हजारों के लिए। अब पढ़ें कार्यक्रम से जुड़े अपडेट्स.. कटारिया बोले- मैं सभी अतिथियों का स्वागत करता हूं इस कार्यक्रम में पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया, बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुनि मोक्षानंद ने विजय नित्यानंद महाराज के नाम की व्याख्या करते हुए कहा-9 साल की उम्र में विजय नित्यानंद महाराज ने घर त्याग दिया था। पूरे भारत में सवा 2 लाख किमी पदयात्रा की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने कहा- मैं खुद जैन धर्म का श्रावक हूं, इसलिए आज के कार्यक्रम में सभी अतिथियों का स्वागत मैं ही करता हूं। राजस्थान और बिहार के राज्यपाल ने भी किया संबोधित कार्यक्रम में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने संबोधित करते हुए कहा- जैन समाज का दशलक्षण व क्षमापणा पर्व हमें अंतर्मन से शुद्ध करता है। हमें एक प्रण और लेना चाहिए कि अनाज को व्यर्थ में खराब नहीं करना है। वहीं बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कहा- भारतीय संस्कृति में लोगों ने हमेशा साधु-संतों से जीवन मूल्य सीखने का काम किया है। वे बोले- सबकुछ इन दो आंखों से नहीं दिखता, क्योंकि इनसे सिर्फ विभिन्नता नजर आती है। इससे परे जाकर हम सबकी एक आत्मा को समझना जरुरी है। एकात्म को समझेंगे तो सब लड़ाई-झगड़े खत्म हो जाएंगे । गीता का श्लोक सुनाकर बिहार की जनता की ओर से बिहार में करवाए गए विकास कार्यों के लिए सूरीश्वर महाराज का आभार जताया। कार्यक्रम में आए मेहमानों ने जैन मुनि का लिया आशीर्वाद कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ भी पहुंचे। इसके साथ ही नागौर के जिला प्रभारी मंत्री कन्हैया लाल चौधरी और राजस्थान की महिला बाल विकास विभाग की राज्यमंत्री डॉ. मंजू बाघमार भी पहुंची थीं। इससे पहले सोमवार शाम को अभिनंदन समारोह के कार्यक्रम के तहत भक्ति संध्या और ड्रोन शो का आयोजन किया गया। इसमें बॉलीवुड स्टार सोनू सूद और टीवी सीरियल अनुपमा फिल्म रूपाली गांगुली ने शिरकत की। दोनों कलाकारों ने यहां पहुंचकर सूरीश्वर महाराज का आशीर्वाद लिया और इसके बाद नागौर के लोगों से संवाद भी किया। बड़ी संख्या में लोगों ने इस दौरान कलाकारों के साथ सेल्फी भी ली। गौरतलब है कि विजय नित्यानंद महाराज को पद्मश्री सम्मान मिलने पर नागौर में तीन दिवसीय राष्ट्रीय स्तरीय अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
