शादी समारोह में फिजूलखर्ची को रोकने के लिए खत्री समाज लगातार छठे साल रविवार को 19 युवक-युवतियों का सामूहिक विवाह बड़े धूमधाम से करवाया। यह समारोह बाड़मेर शहर के कुशल वाटिका में सम्पन्न हुआ। इस दौरान 19 युवक-युवतियों ने एक साथ एक-दूसरे को माला पहनाई। सामूहिक विवाह में वो सारी रस्में निभाई गई जो हर विवाह शादी में होती है। घोड़ों पर दूल्हा बारात लेकर भी पहुंचा। मीडिया प्रभारी कन्हैयालाल डलोरा ने बताया- खत्री समाज की ओर से आयोजित सामूहिक विवाह समारोह समाज के दानदाताओं, भामाशाहों और समाजबंधुओं के सहयोग से संभव हुआ है। इस प्रोग्राम का मुख्य उद्देश्य समाज में व्यर्थ खर्च और दिखावे की परंपरा को समाप्त कर सादगीपूर्ण विवाह की परंपरा को बढ़ावा देना है। इस दौरान शिव विाधायक रविंद्र सिंह भाटी, बाड़मेर विधायक प्रियंका चौधरी, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष स्वरूपसिंह खारा, पीसीसी सचिव आजाद सिंह राठौड़ भी पहुंचे। समाजबंधुओं ने संभाली तैयारियां कार्यक्रम के दौरान विवाह स्थल को सुंदर व आकर्षक ढंग से सजाया गया। समाज बंधुओं द्वारा मंडप, पांडाल, बारात स्वागत, प्रीतिभोज और उपहारों की व्यवस्थाएं पूरी जिम्मेदारी से निभाई गईं। विवाह के लिए वस्त्र, आभूषण, घरेलू उपयोग की वस्तुएं और उपहार सामग्री समाज के भामाशाहों द्वारा नवविवाहित को भेंट की गई। दोपहर में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ 19 मंडपों में एक साथ विवाह संपन्न हुए। हजारों की संख्या में समाजजन, नगरवासी और आमंत्रित अतिथिगण इस ऐतिहासिक सामूहिक विवाह समारोह के साक्षी बने। शाम को नवविवाहित जोड़ों को समाजजन व परिजनों ने उपहारों के साथ विदाई दी। जनप्रतिनिधि भी हुए शामिल विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने कहा- आधुनिक दौर में जब शादियां दिखावे और खर्च की प्रतिस्पर्धा बनती जा रही हैं, ऐसे में सामूहिक विवाह आयोजन समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। इससे फिजूलखर्ची पर रोक लगती है। सामाजिक एकता को बल मिलता है। पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष स्वरूप सिंह खारा ने कहा- सामूहिक विवाह भारतीय सनातन संस्कृति के संरक्षण का प्रतीक हैं। डिजिटल युग में जहां परिवारों में बातचीत कम हो रहा है। ऐसे आयोजन समाज में भाईचारा और एकता को मजबूत करते हैं। विधायक प्रियंका चौधरी- समाज को इस प्रेरणादायक पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि अन्य समाजों को भी इससे सीख लेकर सादगीपूर्ण विवाह परंपरा को बढ़ावा देना चाहिए।
