जोधपुर में दीपावली की रात सेक्टर-1 कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड में हुई आपसी रंजिश की लड़ाई में मारपीट और गाड़ियों की तोड़फोड़ करने वाले तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घटना में शामिल एक आरोपी पर पहले से मारपीट और छेड़छाड़ के तीन केस दर्ज हैं। घटना 20 अक्टूबर की रात करीब एक बजे की है। पुलिस के अनुसार प्रार्थी पियूष निवासी केबीएचबी सेक्टर-1 ने रिपोर्ट में बताया कि वह अपने दोस्त हर्ष वैष्णव, विशाल और अन्य दोस्तों के साथ दीपावली मना रहा था, तभी प्रकाश विश्नोई, अकरम, अभयसिंह, विक्रम विश्नोई, मेकाराम विश्नोई, खुशवंत बंजारा, विरेंद्रसिंह और रोहित गोदारा कैंपर और एक काली स्कॉर्पियो में आए। ॉइन लोगों ने लाठी-सरिये लेकर फ्लैट में जबरन घुसकर पियूष और हर्ष को बाहर खींच लिया, और पुराने विवाद को लेकर समझौते की राशि मांगने लगे। पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने दोनों दोस्तों से मारपीट की और कैंपर गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी। झगड़े में दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आईं। मामले को लेकर थानाधिकारी हमीर सिंह भाटी की अगुआई में टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों खुशवंत बंजारा (21) निवासी सरस्वती नगर बासनी, विक्रम उर्फ विकास (26) निवासी गुड़ा विश्नोईयान, और रमेश जांगु (23) निवासी बालाजी नगर को गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में सामने आया कि खुशवंत बंजारा के खिलाफ पहले से भगत की कोठी थाने में मारपीट व छेड़छाड़ के तीन प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।