जयपुर के सवाई मानसिंह हॉस्पिटल में आज शाम करीब साढ़े 8 बजे उस समय दहशत बढ़ गई जब न्यूरोसर्जरी वार्ड में लाइट में स्पार्किंग होने लगी। इस दौरान मरीजों ने स्पार्किंग देख स्टाफ को सूचना दी। वहां मौजूद स्टाफ ने लाइट को बंद करके वहां लगा आग बुझाने का सिलेंडर चालू कर दिया, जिससे वार्ड में धुआं हो गया। इसके बाद वहां से करीब 3-4 मरीजों को शिफ्ट करना पड़ा। एसएमएस स्टाफ से मिली जानकारी के मुताबिक घटना बांगड़ परिसर स्थित दूसरी मंजिल पर बने न्यूरोसर्जरी फीमेल वार्ड की है। ट्यूबलाइट में लगा स्टार्टर से चिंगारी निकली तो उसे देख वहां एक-दो मरीज के परिजन घबरा गए। वहां मौजूद एक स्टाफ ने वहां लगे सिलेंडर को चालू करके स्पार्किंग वाली जगह फोगिंग कर ​दी। हालांकि वहां आग लगने जैसी घटना नहीं हुई थी। फोगिंग होने के बाद वहां से करीब 3-4 मरीजों को दूसरी जगह थोड़ी देर के लिए शिफ्ट किया और बिजली कर्मचारी को बुलाकर स्टार्टर को बदलवाया। इसके बाद वापस मरीजों को अपनी-अपनी जगह शिफ्ट किया। 5 अक्टूबर को दम घुटने से 6 मरीजों की मौत हुई थी
सवाई मानसिंह हॉस्पिटल के ट्रॉमा सेंटर स्थित न्यूरो सर्जरी आईसीयू वार्ड में 5 अक्टूबर को आगजनी की बड़ी घटना हुई थी। इस घटना में दम घुटने से 6 मरीजों की मौत हो गई थी। उसे समय आईसीयू के स्टोर रूम में शॉर्ट सर्किट होने से यह घटना घटी थी।