पंजाब के जालंधर स्थित भार्गव कैंप में गुरुवार को दिनदहाड़े विजय ज्वेलर की दुकान पर हुई लूट मामले में आरोपी अभी तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। इसी सिलसिले में आज शाम जालंधर के MP और पूर्व CM चरनजीत सिंह चन्नी ने पीड़ित परिवार के साथ मुलाकात की। चरनजीत सिंह चन्नी ने कहा कि पंजाब सरकार में कानून व्यवस्था फेल हो चुकी है। अब दिन दहाड़े चोरियां और डकैती हो रही है। उन्होंने कहा कि कल वह दिल्ली में थे और आज जालंधर पहुंचते ही पहले ज्वेलर परिवार से मिलने पहुंचे हैं। जल्द से जल्द लुटेरों को ट्रेस करे पुलिसः चन्नी चन्नी ने कहा कि जालंधर पुलिस को जल्द से जल्द लुटेरों को ट्रेस करना चाहिए। नहीं तो राजा वड़िंग ने जालंधर के पीएपी चौक में धरना देने की बात कही है। अगर लुटेरे न पकड़े गए तो धरना दिया जाएगा। ये कब होगा। इसके बारे में जल्द ही बता दिया जाएगा। चन्नी ने कही ये बड़ी बातें… पिस्टल तानकर की गई थी लूटपाट
बता दें कि गुरुवार को सुबह 10 बजे हथियारों से लैस तीन नकाबपोश बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया था। बदमाश दुकान के अंदर घुसे और आते ही ज्वेलर पर पिस्टल तान दी। इसके बाद बदमाशों ने एकाएक दुकान के सभी आभूषणों को अपने बैग में डालना शुरू कर दिया। शोर कर रहे दुकानदार की तरफ गोली भी चलाने की कोशिश की, लेकिन फायर मिस हो गया। हाथ में लिए तलवार से बदमाशों ने काउंटर के शीशों को तोड़ा और उसमें रखे आभूषण निकाल लिए। CCTV फुटेज आया सामने कुछ ही मिनट में कैश और ज्वेलरी लूटकर बदमाश मौके से फरार हो गए थे। इसका CCTV फुटेज भी सामने आया था। इसमें दिखा था कि लुटेरे भेष बदलकर निकल गए और इसके बाद अपने मोबाइल फोन भी स्विच आफ कर लिए। दुकानदार ने दावा किया था कि लुटेरे करीब 1 करोड़ के गहने और नकदी लूट कर ले गए हैं। राजा वड़िंग ने दिया था दो दिन का अल्टीमेटम
शुक्रवार को पीड़ित दुकानदार से मिलने के लिए कांग्रेस के सूबा प्रधान राजा वड़िंग भार्गव कैंप पहुंचे थे। उन्होंने जालंधर पुलिस को लुटेरों को पकड़ने के लिए दो दिन का वक्त दिया था। उन्होंने चेतावनी दी थी कि अगर आरोपी न पकड़ने गए तो दो दिन बाद जालंधर के पीएपी चौक को जाम कर दिया जाएगा।
