पंजाब की अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने आज शुक्रवार को वाघा बॉर्डर से लगे गांवों में एक बड़े पैमाने पर कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन (CASO) चलाया। इस अभियान में लगभग 200 पुलिस कर्मियों ने 50 घरों की तलाशी ली। यह ऑपरेशन थाना घरिंडा के अधीन आने वाले बासरके भैणी, गुमानपुरा बासरके किला और कोटली नासर इलाकों में चलाया गया। पुलिस टीमों ने अब तक करीब 50 घरों की तलाशी ली है और कार्रवाई अभी भी जारी है। सीमा से सटे गांव नशा तस्करी के लिए संवेदनशील पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ये गांव अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर से सटे होने के कारण नशा तस्करी के लिहाज से बेहद संवेदनशील माने जाते हैं। इसी वजह से समय-समय पर इस तरह के चेकिंग ऑपरेशन चलाए जाते हैं ताकि नशा तस्करों पर कड़ी निगरानी रखी जा सके। 200 किलो हेरोइन और ₹2.5 करोड़ की ड्रग मनी बरामद एसपी एस. वॉरियर ने जानकारी दी कि मार्च से अब तक अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने लगभग 200 किलो हेरोइन और करीब ढाई करोड़ रुपए की ड्रग मनी बरामद की है। इसके साथ ही, पुलिस ने नशा तस्करों की काली कमाई से बनी संपत्तियों को भी ध्वस्त किया है। एसपी वॉरियर ने कहा कि पंजाब पुलिस का मकसद नशा माफिया पर पूरी तरह से नकेल कसना है और आने वाले दिनों में यह मुहिम और भी तेज़ गति से जारी रखी जाएगी।