लुधियाना के जगराओं के दाखा में एक युवक ने अपने जीजा से पिस्तौल की नोक पर 50 हजार रुपए लूट लिए। आरोपी ने पहले 10 लाख रुपए की मांग की थी। यह घटना 26 अक्टूबर की रात को हुई, जिसमें मुख्य आरोपी अपने साथियों के साथ पीड़ित के घर पहुंचा था। बडैच के रहने वाले पीड़ित नरिंदर सिंह ने पुलिस को बताया कि उसका साला जसवीर सिंह निवासी सहिजाद जोधा अपने साथियों के साथ स्कॉर्पियो, वैगनआर और ऑल्टो गाड़ियों में उसके घर आया। जसवीर सिंह पांच अन्य लोगों के साथ जबरदस्ती घर में घुस गया, जबकि उसके 5-6 साथी बाहर खड़े थे। पहले 10 लाख मांगे जानकारी के अनुसार, वारदात के समय नरिंदर सिंह टीवी देख रहे थे और उनकी पत्नी घर में काम कर रहीं थी। जसवीर सिंह ने कमरे में घुसते ही पिस्तौल निकालकर नरिंदर सिंह के सीने पर तान दी और 10 लाख रुपए की मांग की। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। जबरन 50 हजार रुपए निकाले इसके बाद आरोपियों ने उनके घर की तलाशी ली और दराज में रखे 50 हजार रुपए निकाल लिए। जाते समय, उन्होंने धमकी दी कि यदि बाकी रकम का इंतजाम नहीं किया गया तो गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। घटना के बाद फिर आरोपी उसके घर के पास घूमता रहा। जिसके बाद उसने अन्य आरोपियों के बार में पता कर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। 2 गिरफ्तार, 12 लोगों पर केस जांच के बाद पुलिस ने 6 अज्ञात सहित कुल 12 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पहचाने गए आरोपियों में वीरपाल सिंह उर्फ पाल, जुगराज सिंह उर्फ लाला, मनप्रीत सिंह, अमनिंदर सिंह (गांव मनसूरा) और कुलविंदर सिंह उर्फ किंदा (गांव राजगढ़ सुधार) शामिल हैं। थाना दाखा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जुगराज सिंह और कुलविंदर सिंह को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। एएसआई सुरिंदर सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी जसवीर सिंह नशे का आदी है और उसके खिलाफ पहले से तीन से चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस बाकी आरोपियों से पूछताछ कर रही है।