मानसा पुलिस ने बीते दिनों एक दुकान पर हुई फायरिंग के मामले में 72 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हथियार बरामदगी के दौरान एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में वह घायल हो गया। घायल बदमाश को इलाज के लिए मानसा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मानसा के एसएसपी भागीरथ सिंह मीणा ने बताया कि पुलिस ने दोनों बदमाशों को मानसा के चकेरिया रोड के पास से गिरफ्तार किया। फायरिंग की घटना के बाद दोनों बदमाश कैब से खरड़ फरार हो गए थे। आज वे फिर से चकेरिया रोड पर घूम रहे थे, जिसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने उन्हें धर दबोचा। पुलिस टीम पर बदमाशों ने की फायरिंग एसएसपी मीणा के अनुसार, गिरफ्तार बदमाशों में से एक गुरसाहिब सिंह ने भीखी ड्रेन के पास झाड़ियों में एक पिस्टल छिपाया था। जब पुलिस टीम उसे पिस्टल बरामद करवाने ले गई, तो उसने पहले से लोड पिस्टल से पुलिस पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में गुरसाहिब सिंह घायल हो गया, जिसे मानसा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों बदमाश गिरफ्तार पुलिस ने बताया कि मानसा में फायरिंग करते समय गुरसाहिब सिंह और रमनप्रीत सिंह दोनों मोटरसाइकिल पर आए थे। ये दोनों रूपनगर (रोपड़) जिले के रहने वाले हैं। पुलिस अब उनसे इस मामले में आगे की पूछताछ कर रही है। एसएसपी मानसा ने यह भी कहा कि इन बदमाशों को गिरफ्तार करने वाले पुलिस कर्मचारियों और अधिकारियों को सम्मानित करने के लिए भेजा जाएगा। इसके अतिरिक्त, मानसा से फरार हो रहे बदमाशों से भिड़ने वाले बुजुर्ग जगराज सिंह के सम्मान के लिए भी सिफारिश भेजी जाएगी।
