पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 का प्रचार शुरू होने और दीपावली नजदीक आने के बीच आबकारी विभाग ने अवैध शराब की तस्करी और बिक्री रोकने के लिए छापेमारी की। मोगा में टीम को सतलुज दरिया के किनारे से करीब 5,500 लीटर लाहन और 11 से 12 तिरपाल मिले। विभाग को मिली शिकायतों के बाद यह अभियान चलाया गया। आबकारी कमिश्नर फिरोजपुर राजेश एरी और सहायक कमिश्नर फरीदकोट रेंज सुनील गुप्ता के निर्देश पर टीम ने छापे मारे। अधिकारी बोले- अभियान जारी रहेगा टीम ने मोगा जिले की सीमा में धर्मकोट हलके के गांव भोइपुर समेत सतलुज दरिया किनारे के अन्य संदिग्ध ठिकानों पर छापे मारे। अधिकारियों के मुताबिक, लाहन का इस्तेमाल अवैध शराब बनाने में किया जाता है। आबकारी अधिकारी मोगा विजय कुमार ने बताया कि अवैध शराब की बिक्री और तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान जारी रहेगा। तस्करों के ठिकानों पर भी छापे मारे जाएंगे उन्होंने कहा कि लाहन से शराब बनाकर बेचने वाले अन्य तस्करों के ठिकानों पर भी छापे मारे जाएंगे। विजय कुमार ने लोगों से अवैध शराब न पीने की अपील की और कहा कि इसका सेवन सेहत के लिए नुकसानदेह हो सकता है। टीम में आबकारी अधिकारी मोगा विजय कुमार, फिरोजपुर से गुरबख्श सिंह, इंस्पेक्टर धर्मकोट बलजीत सिंह, आबकारी इंस्पेक्टर शाहकोट साहिल और इंस्पेक्टर जीरा राजवीर सिंह शामिल थे।
