जैसलमेर. घर की सजावट में नया प्रयोग करने के लिए अब महंगे डेकोर आइटम ही एकमात्र विकल्प नहीं हैं। दीपावली से पहले जैसलमेर के सदर बाजार में मिट्टी से बने रंगीन झूमर, डिजाइनर गमले, सजावटी गुल्लक और कलात्मक मूर्तियां घरों को नया लुक देने के विकल्प के रूप में सजी हैं। इन उत्पादों में पारंपरिक कारीगरी के साथ रंगों और डिजाइन का ऐसा मेल दिख रहा है, जो इन्हें सामान्य घरेलू सामान से अलग पहचान देता है। कोई बालकनी के लिए रंगीन गमले तलाश रहा है, तो कोई प्रवेश द्वार और आंगन को सजाने के लिए मिट्टी के झूमर पसंद कर रहा है। सजावटी सामान की यह विविधता घर के अलग-अलग हिस्सों को अपनी पसंद के मुताबिक संवारने का अवसर देती है। आधुनिक सजावट के बीच मिट्टी के उत्पादों की मौजूदगी स्थानीय कारीगरी को भी नया मंच दे रही है।
