पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत द्वितीय चरण में शुक्रवार को पाली जिले की पाली, बाली, देसूरी और रोहट पंचायत समितियों की 146 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान होगा। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा। गुरुवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी होने और नाम वापसी का समय समाप्त होने के बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए गए। किसी को केतली, किसी को सोफा तो किसी को प्रेस, स्लेट, बैंगन, मोजा, भिंडी और हेलमेट जैसे चुनाव चिह्न मिले हैं। सिंबल मिलते ही प्रत्याशियों ने तेज किया जनसंपर्क पाली, बाली, देसूरी और रोहट पंचायत समिति क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों में गुरुवार को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन प्रक्रिया पूरी करवाई गई। दोपहर 2 बजे नाम वापसी का समय समाप्त होने के बाद चुनाव मैदान में शेष रहे प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए गए। इसके साथ ही ग्राम पंचायतों में चुनावी तस्वीर साफ हो गई और प्रत्याशियों ने मतदाताओं से संपर्क तेज कर दिया। 146 सरपंच और 1418 वार्ड पंच पदों के लिए मतदान उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. बजरंग सिंह ने बताया कि पंचायती राज आम चुनाव के द्वितीय चरण में जिले की चार पंचायत समितियों की कुल 146 ग्राम पंचायतों में सरपंच तथा 1418 वार्ड पंच पदों के लिए मतदान होगा। 533 मतदान केंद्रों पर बैलेट पेपर से वोटिंग मतदान के लिए कुल 533 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। शुक्रवार सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। मतदान बैलेट पेपर के माध्यम से करवाया जाएगा। निर्वाचन विभाग की ओर से मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि मतदाताओं को मतदान के दौरान सुविधा मिल सके।
