पाली में मंगलवार शाम फैक्ट्री से स्कूटी पर घर जा रहे बिजनेसमैन पर एक युवक ने धारदार हथियार हथियार से हमला कर दिया। हमला करने के बाद आरोपी फरार हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल कारोबारी को हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां से उन्हें रेफर कर दिया गया है। औद्योगिक नगर थाना प्रभारी निरमा विश्नोई ने बताया- मामले में हर्षित मेवाड़ा नाम के युवक को हिरासत में लिया है। फिलहाल पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद को लेकर हमला होने की आशंका है। हाथ-पैर पर किए ताबड़तोड़ वार
जानकारी के अनुसार, पाली शहर के सोमनाथ मंदिर जय हिंद पोल निवासी 43 साल के बिजनेसमैन सुशील डागा पुत्र हुकमीचंद डागा मंगलवार की शाम को औद्योगिक नगर थाना एरिया पर शिवाजी नगर लेबर कॉलोनी रोड से स्कूटी पर अपने घर जा रहे थे। इस दौरान उस पर कुछ लोगों ने बीच रास्ते में धारदार हथियार से हमला कर दिया। उनके हाथ- पैर पर कई वार किए, जिससे लहूलुहान होकर गिर पड़े। एक हथेली भी कट गई। लोगों ने उनके चिल्लाने की आवाज सुनी तो मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर आरोपी फरार हो गए। लोगों ने गंभीर घायल हालत में सुशील डागा को मिनी ट्रक से हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। मकान को लेकर चल रहा पुराना विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि औद्योगिक नगर थाना एरिया आईटीआई रोड पर बने एक मकान को लेकर सुशील का दूसरे पक्ष से पुराना विवाद चल रहा है। पीड़ित का कहना है कि वह मकान रास्ते की जमीन पर बना हुआ है। उसके पास ही उसकी फैक्ट्री है, इसी कारण दूसरा पक्ष उससे रंजिश रखता है।
