Weather Update : बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान का राजस्थान में व्यापक असर होने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने राजस्थान में 27 अक्टूबर को मौसम शुष्क रहने और 29-30 अक्टूबर को बारिश होने की संभावना जताई है। साथ ही 29-30 अक्टूबर के लिए राज्य के 23 जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवा चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। 1 नवंबर को भी प्रदेश के ज्यादातर स्थानों पर मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार राजस्थान के अधिकांश भागों में आगामी तीन दिन मौसम शुष्क रहने की प्रबल संभावना है। वहीं पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर, अजमेर व कोटा संभाग के कुछ भागों में 29-30 अक्टूबर को बादल छाए रहने व कहीं-कहीं मेघगर्जन, तेज हवाओं 30-40 Kmph के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के पूर्वी भागों में भी 29-30 अक्टूबर को कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। हालांकि, सीमावर्ती क्षेत्र के अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।
