श्रीगंगानगर में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे श्रीकरणपुर में BSF और CID की संयुक्त टीम ने एक किलो हेरोइन बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ रुपए है। हेरोइन के दो पैकेट खेत में मिले। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इन्हें ड्रोन के जरिए पाकिस्तान की तरफ से भारत में गिराया गया था। एसपी हरीशंकर ने बताया- रविवार को श्रीकरणपुर थाना पुलिस, BSF की 118वीं बटालियन और CID जोन श्रीकरणपुर की टीम ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चलाया। कार्रवाई के दौरान अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब दो किलोमीटर दूर भारतीय सीमा में स्थित खेत से दो पैकेट बरामद किए गए। इनमें कुल एक किलो हेरोइन मिली। पुलिस ने बरामद हेरोइन को जब्त कर तस्करों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच चूनावढ़ थानाधिकारी संजय कुमार कर रहे हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हेरोइन किसने भेजी थी और इसे किसे पहुंचाया जाना था। सीमा क्षेत्र में ड्रोन के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी की आशंका के बीच सुरक्षा एजेंसियां तस्करी नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं।
