SIR में कथित गड़बड़ियों के विरोध में होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने के लिए सीकर जिले से 5 हजार कार्यकर्ता दिल्ली कूच करेंगे। कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली में आयोजित प्रोटेस्ट में हिस्सा लेंगे। वहीं, सीकर से जुड़े आंकड़े और डाटा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) को भेजे जाएंगे, ताकि इन्हें पार्टी स्तर पर आगे रखा जा सके। दरअसल, दिल्ली में 1 नवंबर को होने वाली ‘वोट बचाओ देश बचाओ’ रैली के संबंध में AICC ऑब्जर्वर लखन सिंगला सीकर पहुंचे। सिंगला ने सीकर जिला कांग्रेस कार्यालय में रैली के संबंध में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक ली। SIR के नाम पर वोटों में किए गए फर्जीवाड़े को लेकर आंदोलन मीडिया से बातचीत में लखन सिंगला ने कहा कि SIR के नाम पर वोटों में जो फर्जीवाड़ा किया गया, उसको लेकर कांग्रेस पार्टी लगातार आंदोलन कर रही है। अब दिल्ली में 1 नवंबर को वोट बचाओ देश बचाओ रैली का आयोजन किया जा रहा है। इसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। इसी को लेकर आज(रविवार) कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं की बैठक ली गई। इस रैली में सीकर जिले से 5 हजार कार्यकर्ता शामिल होंगे। इसके बाद नवंबर महीने में ही पार्टी हर विधानसभा में SIR की गड़बड़ियों को लोगों को बताने को लेकर नुक्कड़ नाटक के जरिए जनजागरण किया जाएगा। इसके बाद हर विधानसभा में पदाधिकारी टीम बनाकर SIR में हुई गड़बड़ियों को ढूंढने के लिए फील्ड में उतरेंगे और इसकी रिपोर्ट तैयार करके AICC को भेजेंगे। SIR में टारगेट करके कांग्रेस समर्थित लोगों के नाम काटे सिंगला ने कहा कि SIR में टारगेट करके कांग्रेस समर्थित लोगों के नाम काटे गए हैं। सिंगला ने बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र में भी करीब 60 हजार से ज्यादा नाम काटे गए हैं।
