महर्षि वाल्मीकि भगवान की जयंती से पहले रविवार को जयपुर में आस्था, श्रद्धा का संगम देखने को मिला। राजापार्क स्थित आदर्श विद्या मंदिर परिसर गोविंद मार्ग में आयोजित महाआरती में श्रद्धालुओं ने महर्षि वाल्मीकि भगवान के श्रीचरणों में श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार मौजूद रहे। उन्होंने महर्षि वाल्मीकि भगवान के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनके जीवन दर्शन, ज्ञान, तपस्या और सामाजिक समरसता के संदेश को संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणादायी बताया। भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने कहा- महर्षि वाल्मीकि भगवान भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और सामाजिक चेतना के महान पथप्रदर्शक हैं। उनका संपूर्ण जीवन ज्ञान, तपस्या, साधना, त्याग और मानव कल्याण का अनुपम उदाहरण है। उनके द्वारा रचित पवित्र रामायण केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता को सत्य, धर्म, मर्यादा, कर्तव्य और सदाचार का मार्ग दिखाने वाली अमूल्य धरोहर है। उन्होंने कहा- समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकता, संस्कार और परस्पर सद्भाव में निहित है। जब समाज जाति, वर्ग और भेदभाव से ऊपर उठकर एक परिवार की भावना के साथ आगे बढ़ता है, तभी एक सशक्त, संगठित और समरस राष्ट्र का निर्माण होता है। महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक महर्षि वाल्मीकि भगवान का जीवन यह संदेश देता है कि व्यक्ति की महानता उसके जन्म से नहीं, बल्कि उसके कर्म, चरित्र, ज्ञान और संस्कारों से निर्धारित होती है। उनके आदर्श समाज में समानता, भाईचारे और मानवता की भावना को सशक्त बनाते हैं। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं, जितनी प्राचीन काल में थीं। उनके विचारों को केवल धार्मिक आयोजनों तक सीमित रखने के बजाय प्रत्येक व्यक्ति को अपने आचरण, व्यवहार और सामाजिक जीवन में आत्मसात करना चाहिए। विशेष रूप से युवा पीढ़ी को महर्षि वाल्मीकि जैसे महान ऋषियों के जीवन दर्शन से जोड़कर भारतीय संस्कृति, संस्कार और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत बनाना आवश्यक है। महाआरती में दिखा श्रद्धा, आस्था और सामाजिक समरसता का संगम महाआरती के दौरान श्रद्धालुओं में श्रद्धा का वातावरण रहा। इस अवसर में विधायक प्रत्याशी रवि नैय्यर, भाजपा जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल, जिला महामंत्री नवरत्न नारायणिया, जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष गोविंद बाल्मीकि, अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिलाध्यक्ष विकास मीणा आदि मौजूद रहे।