बालोतरा जिले में पंचायतीराज चुनाव को लेकर नामांकन जांच के बाद चुनावी स्थिति साफ हो गई है। जिला परिषद की जिला प्रमुख की कुर्सी पर सभी दलों की नजर है। मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के बीच माना जा रहा है। वहीं, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के चुनाव मैदान में उतरने से कई वार्डों में मुकाबला कई तरफा हो गया है। कुछ वार्डों में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनावी दौड़ में शामिल हैं।
जिला परिषद के वार्डों में प्रत्याशियों की सूची पर नजर डालें तो वार्ड संख्या 1, 2, 11, 13 और 26 में पांच या उससे अधिक उम्मीदवार मैदान में हैं। इन वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों की मौजूदगी भी चुनावी मुकाबले को बहुकोणीय बना रही है। वहीं, वार्ड संख्या 19, 22, 24 और 25 में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है। वार्ड संख्या 3, 11, 26 और 27 में बसपा के प्रत्याशी भी चुनाव लड़ रहे हैं। दूसरी ओर, RLP ने कई वार्डों में उम्मीदवार उतारकर भाजपा और कांग्रेस के सामने तीसरे राजनीतिक विकल्प के रूप में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है।
