जोधपुर में ‘जीत यूनिवर्स’ में ‘अंडर 25 समिट’ का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य 18 से 25 वर्ष की उम्र के सफल और प्रेरणादायक युवाओं को मंच प्रदान करना है। जेसीसी ऑडिटोरियम में ‘इन्वेस्ट इन यू’ थीम पर आयोजित इस समिट में कंटेंट क्रिएटर निश्चय वर्मा, म्यूजिशियन श्रेय शर्मा और कॉमेडियन प्रवित अरोड़ा ने लगभग 800 छात्रों के साथ अपने अनुभव साझा किए। निश्चय वर्मा ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में चाहे जो भी करें, अपनी रुचि का काम अवश्य करें। उन्होंने कहा कि बीटेक करना अच्छी बात है, लेकिन अपनी रुचि को भी समय दें, ताकि डिग्री के साथ-साथ आपका हुनर भी बना रहे। निश्चय ने स्वयं का उदाहरण देते हुए बताया कि उन्होंने भी बीटेक की है, लेकिन उनकी रुचि कंटेंट क्रिएशन में थी, जिसे उन्होंने समय दिया और आज यही उनकी पहचान है। निश्चय ने अपने जीवन पर आधारित और स्वयं द्वारा लिखा गीत ‘इंट्रोवर्ट हूं’ गाकर छात्रों का दिल जीत लिया। गानों पर दी प्रस्तुति
कॉमेडियन प्रवित ने स्टूडेंट्स के साथ सीधा इंटरेक्शन करते हुए मजेदार सवाल-जवाब किए और कॉलेज लाइफ पर आधारित कई जोक्स सुनाकर युवाओं का भरपूर मनोरंजन किया। म्यूजिशियन श्रेय शर्मा ने भी कुछ गीतों की सुमधुर प्रस्तुतियां दीं। समिट के दौरान स्टूडेंट्स के लिए डांस सहित कई फन एक्टिविटीज आयोजित की गई, जिनके विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। समिट की शुरुआत में अंडर 25 समिट के आयोजकों ने इस समिट के बारे में बताया कि बेंगलुरु से शुरू हुए इस सफर के जरिए देशभर के कॉलेज व यूनिवर्सिटीज को जोड़ा जा रहा है।