झुंझुनूं जिले में बेटों ने पिता की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात को छुपाने के लिए शव को पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश की। फिर घर के पीछे गड्ढे में दबाकर ऊपर खेजड़ी की लकड़ियां डाल दीं। एक हफ्ते तक पिता के मुंबई जाने की झूठी कहानी गढ़ते रहे। करीब सात दिन बाद बदबू आने पर पड़ोस में रहने वाले भतीजे को शक हुआ। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले का खुलासा कर आरोपी बेटों शिव (32) और दीपेन्द्र (30) को गिरफ्तार कर लिया। घटना तारा का बास गांव के सुलताना थाना क्षेत्र में मंगलवार की है। पिता के मुंबई जाने की बात कहते रहे बेटे थानाधिकारी रामनिवास ने बताया- घरेलू विवाद के चलते दोनों बेटों ने पिता जुगलकिशोर जांगिड़ (52) की गला दबाकर हत्या कर दी। जुगलकिशोर पहले मुंबई में रहकर फर्नीचर का काम करते थे। दोनों बेटे भी मुंबई में रहते थे। करीब एक साल पहले जुगलकिशोर गांव लौट आए थे। वे शराब पीने के बाद गाली-गलौज करते थे, जिससे घर में अक्सर विवाद होता था। 11 अक्टूबर को जुगलकिशोर परिजनों के साथ गांव के जीणमाता मंदिर गए थे। वहां भी शराब के नशे में गाली-गलौज की, जिसको लेकर विवाद हुआ। घर में झगड़े के बाद बेटे शिव ने पिता की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस से बोले – बॉडी किसकी है, नहीं जानते 17 अक्टूबर को घर के पीछे बदबू आने पर पड़ोस में रहने वाले जुगल किशोर के भतीजे को शक हुआ। इस पर उसने पुलिस को सूचना दी। टीम पहुंची तो मकान के पीछे आधा दबा हुआ क्षत-विक्षत शव दिखा। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि पिता काम से मुंबई गए हुए हैं । ये बॉडी किसकी है, हमें इसकी जानकारी नहीं है।
रामनिवास ने बताया- संदिग्धों से पूछताछ और सबूतों के आधार पर पुलिस दोनों बेटों तक पहुंची। जांच में दोनों की भूमिका सामने आने पर 19 अक्टूबर को दोनों को डिटेन कर लिया था। 20 अक्टूबर को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपी महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भाईंदर ईस्ट स्थित न्यू पायल अपार्टमेंट में रहते थे। गिरफ्तारी के बाद पुलिस दोनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।
