तरनतारन अपराधिक वारदातों का सिलसिला रुकता नहीं नजर आ रहा है । तरनतारन सिटी और गोइंदवाल साहिब थाना क्षेत्रों में हुई फायरिंग में एक व्यक्ति घायल हो गया। उसको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में पुलिस ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने के आरोप में कुल 8 आरोपियों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज किए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों मामलों को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है। आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस टीमों द्वारा संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुरानी रंजिश में युवक पर चलाईं गोलियां, 6 पर हत्या के प्रयास का केस वारदात तरनतारन शहर की है। यहां पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर फायरिंग की गई। पीड़ित अंशदीप सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रंजिश के चलते आरोपी वंशदीप सिंह, हरविंदर सिंह, बलजीत सिंह, हरमीत सिंह, जॉय और जगनूर सिंह ने उन पर पिस्तौल से हमला कर दिया और ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। फायरिंग में अंशदीप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए सरकारी सिविल अस्पताल तरनतारन में भर्ती कराया गया है। सिटी थाना पुलिस ने पीड़ित के बयानों के आधार पर सभी 6 नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पटाखे फोड़ने से रोकने पर दुकान पर चलाईं गोलियां दूसरी घटना थाना गोइंदवाल साहिब क्षेत्र के अंतर्गत सामने आई। दुकानदार भल्ला सिंह ने पुलिस को बताया कि रोबिन सिंह, गगनदीप सिंह और उनका एक अन्य अज्ञात साथी मोटरसाइकिल पर आकर उनकी दुकान के बाहर पटाखे फोड़ रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया और उन्हें रोका, तो आरोपी मौके से चले गए लेकिन कुछ ही देर बाद वापस आकर उनकी दुकान पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं और जान से मारने की धमकियां देते हुए फरार हो गए। गोइंदवाल साहिब पुलिस ने भल्ला सिंह की शिकायत पर आरोपी रोबिन सिंह, गगनदीप सिंह और उनके अज्ञात साथी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। ृ