पंजाब में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) बठिंडा की टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने फाजिल्का के जलालाबाद क्षेत्र में लधूवाला नहरों के पास नाकाबंदी के दौरान एक महिंद्रा पिकअप गाड़ी से 51,500 नशीली गोलियां बरामद की है। पुलिस ने मौके से पिकअप सवार पंचकूला निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नशीली गोलियों की यह खेप राजस्थान से पंजाब लाई गई थी, जिसे जलालाबाद और आसपास के इलाकों में सप्लाई किया जाना था।पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान अंतरराज्यीय नशा तस्करी के बड़े गिरोह का पर्दाफाश हो सकता है। लधूवाला नहरों के पास नाकाबंदी के दौरान धरे गए आरोपी ANTF बठिंडा के एएसआई (ASI) कुलबीर सिंह सोढ़ी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने लधूवाला नहरों के पास विशेष नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान एक संदिग्ध महिंद्रा पिकअप गाड़ी को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो गाड़ी के अंदर से 51,500 प्रतिबंधित नशीली गोलियां बरामद हुईं। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गाड़ी में सवार दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष और अनिल कुमार (निवासी पंचकूला, हरियाणा) के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला है कि दोनों आरोपी आपस में गहरे दोस्त हैं और मुनाफा कमाने के चक्कर में अंतरराज्यीय नशा तस्करी के इस अवैध धंधे में शामिल हुए थे। ANTF मोहाली में केस दर्ज, रिमांड पर लेकर होगी पूछताछ इस हाई-प्रोफाइल नशा तस्करी मामले में ANTF मुख्यालय मोहाली में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर लिया गया है।पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। रिमांड के दौरान आरोपियों से इस पूरे नशा नेटवर्क, राजस्थान में उनके मुख्य सप्लायर और जलालाबाद में किन-किन नशा तस्करों को यह खेप डिलीवर की जानी थी, इस संबंध में कड़ाई से पूछताछ की जाएगी।
