फाजिल्का जिले के अबोहर स्थित संत नगर में करीब तीन हफ्ते पहले एक धर्मशाला के बाहर गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुए युवक अजय कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के कुछ ही दिनों बाद एक नामी गैंगस्टर ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी। युवक की मौत के बाद पुलिस ने दर्ज मामले में हत्या की धाराएं जोड़ दी हैं। मुठभेड़ के बाद एक आरोपी गिरफ्तार, दो अन्य आरोपी फरार मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस गोलीकांड में शामिल एक आरोपी गौतम धत्तरवाल को पुलिस मुठभेड़ (Encounter) के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान घायल होने पर आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी गौतम धत्तरवाल के कब्जे से एक पिस्तौल बरामद की है। वहीं, वारदात में शामिल दो अन्य मुख्य आरोपी सागर नेपाली और विशाल पचार उर्फ बॉक्सर फिलहाल पुलिस की पकड़ से बाहर हैं, जिनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुरानी रंजिश बनी जानलेवा हमले की वजह एसएसपी के अनुसार, गोलीबारी की मुख्य वजह पुरानी आपसी रंजिश है। यह रंजिश मृतक अजय कुमार के भाई और फरार आरोपी विशाल पचार उर्फ बॉक्सर के बीच चली आ रही थी, जिसके चलते अजय कुमार को निशाना बनाया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल किया गया मुख्य हथियार अभी बरामद नहीं हुआ है, क्योंकि वह फरार आरोपी सागर नेपाली के पास है। आर्म्स एक्ट और हत्या की धाराओं के तहत केस दर्ज अजय कुमार पर हुए इस जानलेवा हमले के संबंध में पुलिस ने शुरुआत में इरादा-ए-कत्ल (307/BNS की संबंधित धाराओं) और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था, जिसे अब हत्या के मामले में तब्दील कर दिया गया है। इस केस में सागर नेपाली, विशाल पचार उर्फ बॉक्सर, गौतम धत्तरवाल और कुछ अन्य अज्ञात युवकों को नामजद किया गया है। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।