अनजान नंबर से फोन आने पर अब यह पता लगाना आसान हो सकता है कि कॉल किसने किया है। दूरसंचार विभाग ने टेलीकॉम कंपनियों को 1 नवंबर 2026 से कॉलिंग नेम प्रेजेंटेशन (CNAP) सेवा शुरू करने का निर्देश दिया है। इसके तहत फोन आने पर स्क्रीन पर कॉल करने वाले का नंबर और नाम दिखाई देगा। इसके लिए यूजर्स को अलग से रजिस्ट्रेशन कराने की जरूरत नहीं होगी। शुरुआत में यह सुविधा 4G और इससे आगे की तकनीक वाले नेटवर्क पर उपलब्ध कराई जाएगी। 2G, 3G और लैंडलाइन नेटवर्क पर इसे लागू करने को लेकर बाद में फैसला लिया जाएगा। इस व्यवस्था से अनजान कॉल की पहचान करने में मदद मिल सकती है और फर्जी कॉल के मामलों पर लगाम लगाने की कोशिशों को भी सपोर्ट मिल सकता है।
