मानसा में एंटी ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर झोटा की हत्या के विरोध में कल (15 अक्टूबर) पंजाब बंद रहेगा। इसके लिए सुबह 6 बजे से शाम 5 बजे तक का टाइम तय किया गया है। झोटा को इंसाफ दिलाने के लिए बनी एक्शन कमेटी के मुताबिक सभी स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटीज को बंद रखने के लिए कहा गया है। इस अपील के बाद प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने सभी स्कूल प्रबंधकों को कहा है कि वह अपने यहां की स्थिति के हिसाब से फैसला करें। किसानों की तरफ से जालंधर में दिल्ली-अमृतसर हाईवे जाम करने का ऐलान कर दिया गया है। यहां सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आवाजाही बिल्कुल ठप रहेगी। सभी दुकानें और बाजार समेत सभी व्यापारिक संस्थान बंद करने की अपील की गई है। व्यापारियों को बंद में सहयोग के लिए कहा गया है। इसके अलावा सभी हाईवेज पर टोल भी फ्री किए जाएंगे। इस बारे में टोल कर्मचारियों की यूनियन ने ऐलान कर दिया है। बेवजह घर से बाहर न निकलने की अपील
एक्शन कमेटी ने अपील की है कि लोग कल बेवजह घर से बाहर न निकलें। किसी को भी आवाजाही में छूट नहीं दी जाएगी। अमृतसर में भी किसान मजदूर मोर्चा की तरफ से गोल्डन गेट पर प्रदर्शन किया जाएगा। बंद से सिर्फ अस्पताल, मेडिकल स्टोर, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस जैसी इमरजेंसी सेवाओं को छूट रहेगी। इसके अलावा इमरजेंसी सेवाओं की कैटेगरी में आने पर पेट्रोल पंपों को भी बंद करने का ऐलान नहीं किया गया है। परविंदर झोटा के पिता भीम सैन ने अपील की कि कल लोग गाड़ियां लेकर सड़कों पर न निकलें। इस बंद को शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC), अकाली दल, कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल-वारिस पंजाब दे के साथ किसान संगठनों ने भी समर्थन दिया है। 13 अक्टूबर को झोटा की हत्या की गई थी
परविंदर झोटा का 13 अक्टूबर को मानसा में नशा बेचने का विरोध करने पर फेसबुक लाइव के दौरान मेडिकल स्टोर मालिक अश्विनी कुमार ने गोलियां मारकर कत्ल कर दिया था। अश्विनी को पुलिस राजस्थान से गिरफ्तार कर चुकी है। उसका घर और मेडिकल स्टोर भी बुलडोजर से तोड़ दिया गया। झोटा के पिता भीम सैन ने डेडबॉडी लेने से इनकार कर दिया है। उन्होंने इस हत्याकांड की CBI जांच की मांग की है। ————- ये खबर भी पढ़ें… एक्टिविस्ट हत्याकांड- कल पंजाब बंद का ऐलान, आरोपी का घर-मेडिकल स्टोर बुलडोजर से तोड़ा; गुस्साई भीड़ ने तोड़फोड़ कर आग लगाई; गैंगस्टर बोला- बदला लेंगे पंजाब के मानसा में एंटी ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा (45) की गोली मारकर हत्या करने वाले केमिस्ट अश्विनी कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसने मंगलवार को फेसबुक लाइव के दौरान झोटा को 3 गोलियां मारी थीं। अश्विनी को राजस्थान के सालासर से पकड़ा गया है। (पढ़ें पूरी खबर)