अजमेर के पुष्कर मेले में घोड़ों की बिक्री पर 5 प्रतिशत जीएसटी लगेगा। राज्य कर विभाग के उपायुक्त ने पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक को इस संबंध में एक पत्र लिखा है। मेले का विधिवत आगाज 30 अक्टूबर को झंडारोहण के साथ होगा। लेकिन, 22 अक्टूबर से ही मेले में पशुओं का पहुंचना शुरू हो गया था, इसी दिन पशुपालन विभाग ने अपना ऑफिस भी यहां शुरू कर दिया था। घोड़ों की बिक्री से पहले सूचना दे पशुपालन विभाग राज्य कर विभाग के उपायुक्त ने लेटर में लिखा-मेले में हर वर्ष घोड़ों की खरीद-फरोख्त होती है। जीएसटी के प्रावधानों के अनुसार जीवित घोड़े की बिक्री पर 5 फीसदी जीएसटी लगता है। पशु मेले में घोड़ों की बिक्री से पहले पशुपालन विभाग वाणिज्यिक कर विभाग को सूचना भेजे। जिससे जीएसटी लगाया जा सके। पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक सुनील घीया ने विक्रेताओं और खरीददारों से जीएसटी नियमों की जानकारी लेकर समय पर कर का भुगतान करने की अपील की है। जीएसटी लागू होने से पहले सेल टैक्स की चौकी लगती थी इधर, पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉक्टर सुनील घीया ने बताया-जीएसटी लागू होने से पहले सेल टैक्स की चौकी पुष्कर मेला स्थल के प्रवेश द्वारों पर लगती थी। जिनके जरिए सरकार टैक्स वसूलती थी। जीएसटी लागू होने के बाद पहली बार कर विभाग ने ऐसा पत्र पशुपालन विभाग को भेजा है। 15 करोड़ का घोड़ा शाबाज, 11 करोड़ का घोड़ा बादल पहुंचा मेले में मेले में पंजाब के पशुपालक गेरी अपना 6 शो जीत चुका 15 करोड़ का घोड़ा शाबाज लेकर आए हैं। शाबाज से ब्रीडिंग का पैसा 2 लाख रुपए है। वहीं केकड़ी के घोड़ा पालक राहुल जेतवाल अपने घोड़े बादल को लेकर मेले में पहुंचे हैं। 5 साल का बादल अब तक 285 बच्चों का बाप बन चुका है। बादल की 11 करोड़ रुपए कीमत लग चुकी है, लेकिन मालिक राहुल उसे बेचना नहीं चाहते हैं। देश के सबसे छोटे घोड़े भी पहुंचे पुष्कर इस बार पहली बार पुष्कर मेले में घोड़ों की सबसे छोटी प्रजाति भी शामिल हुई है। इस प्रजाति के 4 घोड़े पुष्कर मेले में पहुंचे हैं। इनके मालिक अभिनव तिवारी ने बताया कि इन्हें शेटलैंड पोनी के नाम से जाना जाता है। पालतू घोड़े की सबसे छोटी ब्रीड है। इनकी उम्र 8 महीने, 2 साल, 3 साल और 2 साल की फीमेल है। इनकी हाइट 24 से 31 इंच (करीब ढाई फीट) है। अभिनव तिवारी जयपुर बगरू के रहने वाले हैं। अंबानी के घोड़े के दोनों बेटे पहुंचे पुष्कर मेले में चित्तौड़गढ़ के रहने वाले पूर्व जिला प्रमुख भैरव सिंह चौहान अपने घोड़ो को लेकर पुष्कर मेले में पहुंचे हैं। वह अपने साथ रिलायंस कंपनी के चेयरमैन मुकेश अंबानी के घोड़े आलम गुमान के दोनों बेटे मेघनाथ और शिव को पुष्कर मेले में लेकर पहुंचे हैं। मेघनाथ की उम्र करीब 3 साल है। जिसकी हाइट करीब 65 इंच है। मेघनाथ मारवाड़ी नस्ल का घोड़ा है। इसके साथ ही उनका दूसरा घोड़ा शिव करीब 4 साल का है। जिसकी भी 65 इंच हाइट है। हालांकि वह पुष्कर मेले में इन दोनों घोड़े को शो के लिए लेकर आए हैं। पुष्कर मेले में अब तक 4849 पशु पहुंच चुके है। जिनमें 3427 घोड़े शामिल है। इसके अलावा 1420 ऊंट भी पहुंचे हैं। मेले से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें… पुष्कर मेले में पहुंचे अंबानी के घोड़े के बेटे:एक करोड़ की घोड़ी नगिना भी पहुंची विश्वभर में प्रसिद्ध पुष्कर का पशु मेला शुरू हो चुका है। यहां पशुपालक अपने ऊंट और घोड़े के साथ पहुंचना शुरू हो चुकी है। इस बार मेले में 1 करोड़ की घोड़ी ‘नगिना’ भी पहुंची हैं। नगिना देशभर में फेमस घोड़ा दिलबाग की बेटी है। वह पंजाब में 4 शो जती चुकी है। (पूरी खबर पढ़ें…) पुष्कर मेले में पहुंचे सबसे छोटी हाइट के घोड़े, काजू-बादाम खाने वाला घोड़ा भी आया दुनियाभर में फेमस पुष्कर पशु मेले में बिक्री के लिए आने वाले पशुओं की संख्या रोज बढ़ती जा रही है। रेतीले धोरों में पशुपालकों की हलचल भी बढ़ने लगी है। अब तक 1342 पशु आ चुके हैं। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा मारवाड़ी नस्ल का घोड़ा बह्मदेव की है। (पूरी खबर पढ़ें…) पुष्कर मेले में आया 15 करोड़ का घोड़ा:5 साल का बादल 285 बच्चों का बाप; 800KG का भैंसा और 16 इंच की गाय भी पहुंची अजमेर के पुष्कर में पशु मेला परवान पर है। रेतीले नए मेला मैदान में अब घोड़ों की संख्या बढ़ गई है। मेले में पंजाब, हरियाणा से आए अधिकतर घोड़ा मालिक जहां लग्जरी टेंट में रात गुजार रहे हैं। वहीं उनके टेंट के बाहर कीमती और लग्जरी गाड़ियां खड़ी है। (पूरी खबर पढ़ें…)
