तेज रफ्तार किआ सेल्टोस और फॉर्च्यूनर की टक्कर में टेक्सटाइल बिजनेसमैन समेत उनकी एक बेटी और पत्नी की मौत हो गई। वहीं एक बेटी अस्पताल में भर्ती है। हादसे के बाद ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया- हादसा सिंगल लेन चल रहे भारतमाला हाईवे के कारण हुआ है। या तो सरकार इसे बंद कर दे या दोनों तरफ से खोल दे। ये आज की बात नहीं है। रोजाना हम यहां वन-वे के कारण ऐसे हादसे देखते हैं। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया- दोनों गाड़ियों के टकराने के बाद जोरदार धमाका हुआ था। दौड़ कर पहुंचे तो दोनों लग्जरी गाड़ियां भिड़ी हुई थी। सामने से रॉन्ग साइड से आई फॉर्च्यूनर ने इतनी तेज टक्कर मारी थी कि दूसरी वाली कार पहचानना मुश्किल हो रहा रहा था। कार चला रहे बिजनेसमैन अरुण को निकालने में 1 घंटा लग गया। पढ़िए हादसे के बाद की कहानी… पति-पत्नी और बेटी की मौके पर मौत जालोर में मंगलवार सुबह 11:30 बजे भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर फॉर्च्यूनर और सेल्टोस आमने-सामने भिड़ गई। हादसे में जसोल निवासी अरुण भाई (35), उनकी पत्नी वंदना (33) और बेटी धीयारा (4) की मौके पर मौत हो गई। उनके चचेरे भाई भरत (28) और बड़ी बेटी पहल (8) का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे में फॉर्च्यूनर सवार युवक भी घायल हैं। अरुण का सूरत में कपड़े का बिजनेस करते थे। शादी में शामिल होने के बाद सुबह बालोतरा के पास मूढली टोल प्लाजा से भारतमाला एक्सप्रेस-वे से होकर सूरत जा रहे थे। बोले- ये भारतमाला बिल्कुल बंद कर दो मौके मौजूद स्थानीय हाजाराम देवासी ने बताया- सांचौर के पास लाछड़ी टोल टांके से 300 मीटर दूर पर हादसा हुआ था। किया सेल्टोस कार सवार लोग बालोतरा से गुजरात की तरफ जा रहे थे। वहीं फॉर्च्यूनर कार सवार सांचौर से बाड़मेर की तरफ जा रहे थे। दोनों ही शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। ये हादसा वन वे की वजह से हुआ है। भारतमाला एक ही साइड में ही शुरू किया गया है। यह डेली होने वाला हादसा है। हमारी राजस्थान सरकार और यहां के जनप्रतिनिधियों से मांग करते हैं कि यहां भारत माला बिल्कुल बंद किया जाए। नहीं तो दो साइड को शुरू की जाए। वन साइड शुरू होने से इन तीनों की जान गई है। बोला- बम जैसा फटने की आवाज आई थी गुजरात की ओर जा रहे प्रत्यक्षदर्शी जयंती भाई ने बताया- हम लोग यहां पास में ही थे। अचानक इतना जोरदार धमाका हुआ कि लगा कुछ बम जैसा फटा है। जैसे ही दो गाड़ियां नजर आई तो दौड़ता हुआ यहां आया। देखा तो धुआं हो रखा था और दोनों गाड़ियां आगे से बुरी तरह पिचकी हुई थी। सभी गाड़ी में फंसे थे जयंती बताते हैं कि अंदर झांक कर देखा तो सेल्टोस में एक आदमी (अरुण) ड्राइवर सीट पर फंसा हुआ था। वहीं एक लेडी (वंदना) साथ वाली सीट पर थी। पीछे दो बच्चियां और एक युवक फंसा हुआ था। इतनी देर में पुलिस आ गई। लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद 4 लोगों को गाड़ी से निकाल कर एम्बुलेंस से सांचौर भेज दिया गया। वहीं ड्राइवर (अरुण) गाड़ी में बुरी तरह फंसा हुआ था। मैंने देखा उसका निचला हिस्सा गाड़ी के अंदर फंसा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इंजन सरक कर अंदर कार के केबिन तक आ गया था। ड्राइवर (अरुण) को 1 घंटे की जद्दोजहद के बाद JCB से निकाला गया। दिवाली पर घर आए थे परिजनों ने बताया- अरुण, राजकुमार और लोकेश तीन भाई हैं। अरुण तीनों में दूसरे नंबर का भाई था। उससे बड़ा भाई राजकुमार और सबसे छोटा भाई लोकेश है। अरुण और उसका भाई राजकुमार दोनों गुजरात के सूरत में टेक्सटाइल बिजनेसमैन हैं। बीते करीब 10 साल से वहां पर व्यापार कर रहे हैं। दोनों भाई अलग-अलग वाहनों से अपनी फैमिली के साथ दीपावली को लक्ष्मी पूजन करके जसोल के लिए रवाना हुए थे। लाभ पंचमी के बाद दोनों भाइयों को वापस सूरत जाना था। बड़ा भाई राजकुमार सोमवार को अपनी फैमिली के साथ जसोल से रवाना होकर सूरत गए थे। वहीं अरुण अपने फैमिली के साथ मंगलवार को सुबह जसोल अपने घर से रवाना हुआ। अरुण पिता व भाई लोकेश से मिलने के लिए जसोल बस स्टैंड पर मेडिकल दुकान पर पहुंचा। वहां पर मिलकर गुजरात के लिए रवाना हुए। लाेकेश पिता ओमप्रकाश की मेडिकल होलसेल दुकान पर काम करता है। 10 साल पहले हुई थी व्यापारी की शादी व्यापारी अरुण की शादी 10 साल पहले हुई थी। उनके दो बेटियां है। वह बड़ी बेटी पहल 8 साल की है। वहीं छोटी बेटी 4 साल की धीयारा है, जिसके हादसे में मौत हो गई है। वहीं बड़ी बेटी पहल के पैर में फैक्चर है। हादसे से जुड़ी ये खबर भी पढ़े… दो कारें टकराई, बिजनेसमैन, पत्नी और बेटी की मौत:भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर रॉन्ग साइड से आई फॉर्च्यूनर ने मारी टक्कर, 4 की हालत गंभीर जालोर में भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर दो कारों की भिड़ंत में पति-पत्नी और बेटी की मौत हो गई। हादसे में चार लोग गंभीर घायल हुए हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
