राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने पटना में मीडिया से बातचीत में कहा- तेजस्वी को हमने चेहरा बनाया है, सोच समझकर बनाया है। तेजस्वी अभी नौजवान हैं। जो नौजवान होता है तो जनता को लगता है कि इनको चुनाव में कामयाब करेंगे तो जमकर काम करेगा। मेरा खुद का अनुभव है। पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने आगे कहा- युवा को लगता है कि मेरे सामने लंबा करियर है, अगर मैंने काम नहीं किया फेल हो गया तो लोग मुझे घर भेज देंगे। वह व्यक्ति जम कर काम कर सकता है। आज बिहार को जरूरत है ऐसे व्यक्तित्व की, ऐसे नेता की जो जान लगा दे। अब तेजस्वी को चेहरा बनाया है तो उन्हें लगता है मुझे किसी ढंग से चुनाव जीत कर दिखाना है, मेरा करियर शुरू हो रहा है, अभी करियर शुरू हो रहा है तो जम कर काम करेंगे यह मेरा मानना है। गहलोत के इस बयान पर बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने तंज कसा। मदन राठौड़ ने गहलोत पर तंज कसते हुए कहा- गहलोत बिहार में युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की बात करते हैं, राजस्थान में युवा सचिन पायलट को नाकारा निकम्मा कहते हैं। गहलोत ने मीडिया से कही ये 2 बड़ी बातें…. मदन राठौड़ का गहलोत पर तंज, युवा सचिन पायलट का नाकारा-निकम्मा कहा
मदन राठौड़ ने गहलोत के बयान पर तंज कसते हुए कहा- मुझे तो गहलोत साहब पर आश्चर्य होता है, वे बिहार में जाकर युवा को प्रोत्साहित करने की बात करते हैं और राजस्थान में युवा को नाकारा-निकम्मा कहते हैं। यह मेरे समझ में नहीं आता। यहां युवा था, सचिन पायलट एक युवा उभरकर आ रहा था, उसको तुरंत डाउन किया और नाकारा निकम्मा पता नहीं क्या-क्या कह दिया? और वहां पर वह कहते हैं कि युवाओं को आगे ला रहे हैं, युवा नेतृत्व को आगे बढ़ा रहे हैं। यह दोहरा चरित्र कैसे चलेगा? यह दोहरा मापदंड ठीक नहीं है। राठौड़ ने कहा- गहलोत साहब अब भविष्यवाणी करने लग गए। जादूगर हैं,यह तो मैंने सुना था, जादूगरी कभी देखी तो नहीं है, जादूगरी होती तो उनकी सरकारी जाती नहीं। गहलोत साहब अब हमारी चिंता करने लग गए हैं। दूसरे के घर में ताक झांक ठीक नहीं है वह अपना घर संभालें हमारी क्यों चिंता करते हैं? बीजेपी ने युवा वाले बयान को राजस्थान में पायलट से जोड़कर मुद्दा बनाया
बिहार में युवा चेहरे की पैरवी पर पायलट फैक्टर को लेकर बीजेपी को अब गहलोत पर पलटवार करने का मौका मिल गया है। बीजेपी ने बिहार चुनाव में गहलोत के तेजस्वी को युवा चेहरे के तौर पर सीएम चेहरा बनाने वाले बयान पर अब पायलट के जरिए घेरने का प्रयास किया है।
