जालोर कलेक्टर डॉ. प्रदीप के. गवांडे ने जानवी पटवार मंडल के पटवारी रमेश कुमार बुढ़ानिया को विभागीय अनुशासनहीनता और लापरवाही के आरोप में निलंबित किया है। इसके बाद पटवारी ने सांचौर विधायक जीवाराम चौधरी को फोन कर सस्पेंड कराने का कारण पूछा। पटवारी रमेश कुमार बुढ़ानिया और सांचौर विधायक जीवाराम चौधरी का एक ऑडियो सामने आया है। इसमें पटवारी कह रहा है कि सब कह रहे हैं कि आपने मेरा निलंबन कराया है। जवाब में विधायक चौधरी ने कहा- सब तो ये भी कह रहे हैं कि मेरा टिकट नरेंद्र मोदी ने काटा है तो क्या उनसे शिकायत करूं। अब पढ़िए पटवारी और विधायक की बातचीत… विधायक बोले- नशे की हालत में किया कॉल
विधायक जीवा राम चौधरी ने ऑडियो को लेकर कहा- पटवारी का कॉल आया था। नशे की हालत में बोलते हुए पूछ रहा था कि आपने सस्पेंड करवाया है क्या? मैंने कहा- ग्राम पंचायत स्तर पर पटवारी ग्राम सेवक का मैं ध्यान नहीं रखता हूं। तहसीलदार पर भी आरोप लगाया
पटवारी का एक और ऑडियो भी सामने आया है, जिसमें वह तहसीलदार पर आरोप लगा रहा है। पटवारी ने कहा- आपने मेरा नंबर ब्लॉक कर दिया कोई बात नहीं। आज आप तहसील में नहीं हो, लेकिन कल तो मिलोगे न, कल आप पुलिस को बुला लेना। सीआई साहब को भी बुला लेना। आपने मेरे खिलाफ आरोप पत्र दायर किया है, लेकिन शिकायत क्या थी ये तो बताओं। मैं यहां 24 घंटे ऐसे ही काम कर रहा हूं क्या। मेरी कोई वैल्यू नहीं है। कल बुला लेना एमपी, एमएलए और पुलिस को। तहसीलदार बोले- किसी ने शराब पीने का वीडियो कलेक्टर को भेजा था
चितलवाना तहसीलदार चमन लाल सियोल ने बताया- पटवारी रमेश बुढ़ानिया का शराब पीते हुए का वीडियो किसी ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को भेजा था। इसके बाद कार्रवाई करते हुए पटवारी को सस्पेंड किया है। मेरे नाम से उसने कोई ऑडियो जारी किया है तो इसकी मुझे जानकारी नहीं है। दो बार पहले भी सस्पेंड हो चुका पटवारी
पटवारी रमेश कुमार पहले भी विवादों में रह चुका है। यह उसका तीसरा निलंबन है। इससे पहले साल 2020 में बड़गांव में कोरोना काल के दौरान परिवहन प्रमाण पत्र अपने स्तर पर जारी किया था, जिसके चलते सस्पेंड किया गया था। दूसरी बार धामसीन (रानीवाड़ा) में महिला उपखंड अधिकारी को आपत्तिजनक मैसेज भेजने के आरोप में कार्रवाई हुई थी। अब तीसरी बार कलेक्टर डॉ. प्रदीप गवांडे ने लापरवाही और अनुशासनहीनता के चलते निलंबन आदेश जारी किया है।
