झालावाड़ जिले में लंबे इंतजार के बाद पंचायत चुनाव का कार्यक्रम घोषित हो गया है। यहां 8 पंचायत समितियों के चुनाव पहले और दूसरे चरण में कराए जाएंगे। इन चुनावों में जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, सरपंच और वार्ड पंच चुने जाएंगे। शनिवार को निर्वाचन आयोग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव की घोषणा की। इसके बाद क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। झालावाड़ जिले में कुल 270 ग्राम पंचायतें और 8 पंचायत समितियां हैं, जहां विभिन्न पदों के लिए चुनाव होंगे। जारी कार्यक्रम के अनुसार जिले में जिला परिषद सदस्य के 33 पद हैं। पहले चरण की वोटिंग 23 अक्टूबर को और दूसरे चरण की 29 अक्टूबर को होगी। पहले चरण में भवानीमंडी, डग, अकलेरा और मनोहरथाना पंचायत समितियों में चुनाव होंगे। दूसरे चरण में झालरापाटन, पिड़ावा, बकानी और खानपुर में वोट डाले जाएंगे।
