बहरोड़ विधायक डॉ.जसवंत यादव ने पूर्व विधायक बलजीत यादव पर बिजली चोरी के मामले को लेकर तंज कसा। विधायक ने कहा कि पूर्व विधायक ने चर्चा फैला दी कि “मैं थारी सारी चोरी माफ करा दूंगा। खुद की वीसीआर कटी तो भरनी पड़ी।” दरअसल कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बहरोड़ में रविवार को शहर के नारनौल रोड पर बने एक मैरिज होम में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और विधायक डॉ.जसवंत यादव के साथ कार्यकर्ताओं ने रेडियो पर कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुना। पूर्व विधायक बलजीत यादव पर साधा निशाना
इस दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विधायक डॉ.जसवंत यादव ने कहा- पूर्व विधायक ने चर्चा फैला दी कि जितनी बिजली चोरी करनी है, वो कर लो, मेरा राज आएगा, मैं थारी सारी चोरी माफ करा दूंगा। क्या घर का गूदड़ा करा देगो, जब खुद की वीसीआर कटी तो भरनी पड़ी। जब तो राज में था। विधायक बोले-कार्यकर्ता प्रॉपर्टी के कामों में लिप्त, अधिकारी फायदा उठाते हैं
विधायक डॉ. जसवंत यादव ने कहा-“लोग कहते हैं कि फलां पैसा खा गया। धिकड़ा पैसा खा गया। एसडीएम पैसा खा गया। कभी सोचा है, आज हमारा कार्यकर्ता प्रॉपर्टी के काम में लिप्त है। अधिकारियों को भी पता है ये काम गलत हो रहा है। वे इसका फायदा उठाते हैं। फिर मैं उनको ईमानदार कैसे बनाऊं।” इस दौरान विधायक जसवंत यादव ने अपने गुस्से को लेकर कहा कि “मैं रोज घर से सोचकर निकलता हूं कि आज किसी से सिर नहीं मारूंगा। तीन-चार बार एक ही बात बोली जाती है तो मेरा पारा चढ़ जाता है।” विधायक के गुस्से वाले बयान पर मंत्री ने ली चुटकी
वहीं केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने विधायक के गुस्से वाले बयान पर चुटकी लेते हुए कहा- “आप मेरे से बड़े हैं। आप जब 1999 में यहां से सांसद बने, तब मैं सुप्रीम कोर्ट में वकालत करता था। मैने आपके तीन ट्रांसफर नहीं किए। आपने मुझे 15 बार फोन किया। मगर मैं कभी नाराज नहीं हुआ तो आप भी मत हुआ करो।” केंद्रीय मंत्री ने बीजेपी की महिला कार्यकर्ता की सराहना की
कार्यकर्ताओं के कामों को लेकर केंद्रीय मंत्री ने कहा- हम सांसद बने। ये लोग दिन रात हमारे लिए बूथों पर खड़े रहे। मैंने तो हमारी बहरोड़ की महिला कार्यकर्ता सुविधा यादव जैसी हिम्मत वाली कार्यकर्ता नहीं देखी। ऐसे आतंक के खिलाफ वो अकेली महिला खड़ी रही। मैं अब भी याद करता हूं। मेरा उस समय क्या होता, क्या नहीं होता उस महिला को परवाह नहीं थी। 2 साल हो चुके हैं आज तक मेरे पास कोई काम भी नहीं लेकर आई। इस तरह से मैं देखता हूं कि जो महिला और बच्चे मेरे लिए खड़े रहे, मैं उनके कब काम आता हूं। बता दें कि सुविधा यादव अक्लिमपुर (नीमराना) की सरपंच रह चुकी हैं। उनके पति हंसराज यादव होम्योपैथी के डॉक्टर हैं। सरपंच रहने के दौरान वे दिवंगत पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम से सम्मानित हो चुकी हैं। सुविधा यादव ने बताया कि उनके गांव में पूर्व विधायक बलजीत यादव का काफी प्रभाव है। कोई भी यहां पोलिंग एजेंट बनने को तैयार नहीं था। ऐसे में विधानसभा और लोकसभा चुनाव में उन्होंने ये जिम्मेदारी निभाई। केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस पर साधा निशाना
भूपेंद्र यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि “कांग्रेस मध्यम वर्ग को आयकर से राहत नहीं दे सकी, जबकि मोदी सरकार ने जीएसटी सुधारों से आमजन को सीधा लाभ पहुंचाया। 2014 में जब जन-धन खाते खुलवाए गए तो विपक्ष ने हंसी उड़ाई। मगर आज इन्हीं खातों में पीएम किसान सहित कई योजनाओं की किस्तें आती हैं। बीते दस वर्षों में शासन की नीतियों में बड़ा बदलाव आया है, तकनीक के उपयोग से पारदर्शिता और कार्य क्षमता दोनों बढ़ी हैं। इस दौरान डीसीएम अध्यक्ष मोहित यादव ने केंद्रीय मंत्री के आगे मांग रखी कि बहरोड़-अलवर रोड के विकास के लिए तैयार डीपीआर फाइल मुख्यमंत्री कार्यालय में लंबित है, जिसे निकलवाकर जल्द काम शुरू करवाया जाए। ……. यह भी पढ़ें
भाजपा प्रत्याशी ने विधायक बलजीत यादव को कहा राक्षस, VIDEO:बोले- उन्हें वही वोट देगा जो खुद राक्षस श्रेणी का होगा बहरोड़ विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी डॉ जसवंत यादव का विवादित बयान सामने आया है। उन्होंने मतदाताओं को ही राक्षस श्रेणी का बता दिया। यादव का तीन दिन पुराना वीडियो आज सामने आया है। वीडियो बहरोड़ के गांव तसिंग का है। (यहां पढ़ें पूरी खबर)