चित्तौड़गढ़ में रिटायर्ड ASI के बेटे की गोली मारकर हत्या करने वाला मास्टरमाइंड और उसका साथी लंगड़ा कर चलते नजर आए। दोनों ने गिरफ्तारी के बाद पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश की थी। ऐसे में, पुलिस को उन्हें पकड़ने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। इसके चलते दोनों के पैर में चोट आई है। चित्तौड़गढ़ एसपी ने बताया- अजय राज सिंह हत्याकांड पुलिस ने मास्टरमाइंड ईश्वर सिंह उर्फ हरिओम सिंह पुत्र अक्षय सिंह, निवासी गंगरार को उदयपुर जिले से शनिवार को डिटेन किया गया। उससे पूछताछ के बाद उसके साथी राजपाल सिंह पुत्र दलपत सिंह चौहान, निवासी गंगरार को भी देर रात गांव चौकियां से गिरफ्तार किया गया। मास्टरमाइंड ईश्वर ने माना है कि पुरानी रंजिश के चलते उसने अजयराज सिंह की हत्या की। गोलियां मारी, पहली मंजिल से फेंका था बता दें कि 1 जून की रात चित्तौड़गढ़ के थाना कोतवाली क्षेत्र के सेमलपुरा चौराहे के पास स्थित विकास होटल में यह घटना हुई थी। अजय राज सिंह (33) पुत्र शिव सिंह झाला विकास होटल पर बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान करीब 25 लोग 7 गाड़ियों में सवार होकर होटल पहुंचे। सभी हमलावरों ने गमछा बांध रखा था, हालांकि कुछ के चेहरे नजर आ गए थे। उन्होंने होटल को घेरकर अचानक फायरिंग शुरू कर दी थी। आरोपियों ने गोली मारने के बाद अजय राज सिंह को होटल की पहली मंजिल से नीचे फेंक दिया था। ईश्वर के खिलाफ 13 मुकदमे दर्ज इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी ईश्वर सिंह 1 जून से ही फरार चल रहा था। लगातार अलग-अलग टीमें बनाई गईं और कई जिलों में दबिश दी जा रही थी। कोतवाली थानाधिकारी तुलसीराम और उनकी टीम ने ईश्वर सिंह का लोकेशन ट्रेस किया और उदयपुर जिले के हिरण मगरी क्षेत्र में स्थित पैराडाइज सेकेंड रेजीडेंसी फ्लैट के सामने से उसे डिटेन कर लाए और गिरफ्तार किया। इसके बाद पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर राजपाल सिंह को भी गांव चौकियां से पकड़ा गया। एसपी ने बताया कि दोनों आदतन अपराधी हैं। गंगरार थाने में ईश्वर सिंह के खिलाफ 13 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं ईश्वर और राजपाल सिंह पर 5-5 हजार रुपए का इनाम भी घोषित कर रखा था। इन दोनों को गिरफ्तारी के बाद जब सेंती चौकी लाया गया तो उन्होंने वहां से भागने की कोशिश की। उस समय पुलिस को उन्हें रोकने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। इस दौरान दोनों के पैरों में चोटें आईं, जिनका बाद में इलाज करवाया गया। अब तक 19 पकड़े जा चुके एसपी ने बताया- मामले में अब तक 19 लोगों की गिरफ्तारियां हो चुकी है। इनमें हर्षवर्धन सिंह, मनोज चौधरी, बद्री जाट सहित कई नाम शामिल हैं। पुलिस अब इस घटना में प्रयुक्त हथियारों और गाड़ियों की बरामदगी में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े कुछ और लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है, जिनकी तलाश जारी है। अजय राज सिंह हत्याकांड से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें.. जहां रिटायर्ड-ASI के बेटे का मर्डर,वहां हत्यारों को लाई पुलिस:पैरों में बंधे थे प्लास्टर; पुलिस ने कहा- भागने की कोशिश में हुए फ्रैक्चर चित्तौड़गढ़ में रिटायर्ड ASI के बेटे की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को जैसलमेर से गिरफ्तार किया है। पुलिस शुक्रवार को आरोपियों को उसी होटल में लेकर गई, जहां पूरी घटना हुई थी। जब आरोपियों को होटल में लाया गया था तो उनके पैरों में प्लास्टर बंधा था। (पढ़ें पूरी खबर) चित्तौड़गढ़ में रिटायर्ड ASI के बेटे की गोली मारकर हत्या:हिस्ट्रीशीटरों ने साथियों के साथ होटल में घेरकर फायरिंग की, पहली मंजिल से नीचे फेंका चित्तौड़गढ़ में रविवार देर रात रिटायर्ड ASI के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह अपने दोस्तों के साथ होटल में खाना खा रहा था। 7 गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे 25 लोगों ने होटल को घेर लिया और फायरिंग शुरू कर दी। घटना कोतवाली इलाके के सेमलपुरा चौराहे पर हुई है। (पढ़ें पूरी खबर)
