जोधपुर में मारपीट के मामले में पकड़ने गई पुलिस से घबराकर युवक ने मकान की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। नीचे कूदते समय युवक सीधे बिजली के तारों में उलझ गया, जिससे करंट लग गया। महात्मा गांधी हॉस्पिटल (MGH) में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं पार्षद राजू भाटी ने आरोप लगाया- पुलिस ने ही युवक को धक्का दिया, जिसकी वजह से वह नीचे गिरा और मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक- नागौरी गेट थाना पुलिस बुधवार शाम 6:30 बजे शहर के उदयमंदिर आसन क्षेत्र में सद्दाम (25) को पकड़ने गई थी। पुलिस टीम को देखते ही युवक छत से कूद गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने किया प्रदर्शन परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर अस्पताल में प्रदर्शन किया। घटना के बाद पुलिस की जीप को आक्रोशित लोगों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस का कहना है कि युवक को मारपीट के मामले में गुरुवार को कोर्ट में पेश करना था। उसके खिलाफ वारंट जारी हुआ था। इसलिए पकड़ने गए थे। एक करोड़ के मुआवजे की मांग पार्षद राजू भाटी ने बताया कि सद्दाम के परिवार को एक करोड़ रुपए मुआवजा दिया जाए। जब तक हमारी मांगें नहीं मानी जाएगी, तब तक शव नहीं उठाया जाएगा। उसके खिलाफ इतना कोई बड़ा मामला नहीं था। आरोप है कि पुलिस ने सद्दाम के भाई से 2500 रुपए की रिश्वत ली है। इसके बावजूद उसे पकड़ने के लिए पहुंची। आरोप है कि घर की महिलाओं से बदसलूकी की। सद्दाम टैक्सी ड्राइवर था। सद्दाम के परिवार में पिता और एक भाई-बहन है। भाई अनीश और पिता लोडिंग ऑटो चलाते हैं। भाई अनीश ने बताया- मारपीट का मामला था, जिसे लेकर पुलिस पकड़ने आई थी। पल-पल के अपडेट के लिए ब्लॉग से गुजर जाइए…
