पिछले दिनों पंजाब में आई बाढ़ के कारण अधिकांश इलाकों में व्यापक क्षति हुई थी। इससे लोगों को बड़े पैमाने पर नुकसान उठाना पड़ा। इन्हीं प्रभावित क्षेत्रों में पठानकोट जिले का सीमावर्ती विधानसभा क्षेत्र “भोआ” भी शामिल है, जहां रावी नदी ने भारी तबाही मचाई थी। रावी नदी के उफान में कई लोगों के घर, दुकानें, पशुधन और किसानों की कृषि भूमि बह गई थी। इस आपदा से प्रभावित परिवारों को बेघर होना पड़ा और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा। सरकार के वादे का इंतजार कर रहे लोग राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री लालचंद कटारूचक्क ने उस समय घोषणा की थी कि जिन लोगों के घर रावी के पानी की चपेट में आए हैं, उन्हें सरकार की ओर से नए घर बनाकर दिए जाएंगे। यह घोषणा प्रभावितों के लिए उम्मीद की किरण बनी थी। हालांकि, अब जब रावी का पानी उतर चुका है, प्रभावित लोग आज भी सरकार की ओर से किए गए वादे पूरे होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं लोगों ने की घरों का निर्माण करने की मांग उन्होंने बताया कि अब तक राज्य सरकार की ओर से उन्हें केवल 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी गई है, लेकिन घरों के निर्माण की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। बाढ़ प्रभावित परिवारों ने सरकार से जल्द से जल्द उनके लिए घरों का निर्माण करने की मांग की है। उनका कहना है कि सर्दियां आने वाली हैं और ऐसे में वे अपने बच्चों के साथ कब तक रिश्तेदारों के घरों में रहेंगे। वे अपने घरों में लौटकर सामान्य जीवन जीना चाहते हैं।