उदयपुर के बड़गांव थानाक्षेत्र में चोरी के मामले में डिटेन किए 2 नाबालिग पुलिस गिरफ्त से फरार हो गए। पुलिस जवानों ने भागते हुए उनका पीछा किया, लेकिन नाबालिग पुलिस के हाथ नहीं लगे और पहाड़ी के रास्ते भागने में कामयाब रहे। मामला 3 दिन पुराना है, लेकिन सोमवार को सामने आया है। इसके बाद बड़गांव थाना पुलिस पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। दरअसल, टाइगर हिल इलाके में चोरी के मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को पकड़ा था। इनमें से भागने वाले 2 आरोपी नाबालिग हैं। तीनों को पुलिस चोरी के माल बरामदगी के लिए टाइगर हिल स्थित एक पहाड़ी के पास लेकर गई थी। तभी दो नाबालिग पुलिस जवानों का हाथ झटके से छुड़ाकर भाग गए। जवानों ने तुरंत उनका पीछा किया, लेकिन पकड़ नहीं सके। ड्रोन, सीसीटीवी कैमरे से तलाश में जुटे: थानाधिकारी थानाधिकारी हितेश यादव ने बताया- टाइगर हिल इलाके में कुछ दिन पहले एक मकान में लाइसेंसी बंदूकों की चोरी हुई थी। बदमाश मकान से 12 बोर की बंदूक, एक एयर गन सहित अन्य कीमती सामान चुराकर ले गए थे। इसके बाद पुलिस ने 2 नाबालिग सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस आरोपियों की निशानदेही पर माल बरामदगी के लिए आरोपियों को मौके पर लेकर गई। जहां वे हमारे जवानों का हाथ छुड़ाकर भाग गए। यादव ने बताया- हम ड्रोन, सीसीटीवी कैमरे सहित अन्य तकनीकी साधनों से फरार नाबालिगों की तलाश कर रहे हैं। उनके पहाड़ी क्षेत्र में ही छिपे होने का अंदेशा है। जल्द उन्हें डिटेन किया जाएगा।
