आकाशवाणी कोटपूतली के कार्यक्रम अब सिर्फ स्थानीय एफएम प्रसारण तक सीमित नहीं रहेंगे। प्रसार भारती के डिजिटल प्लेटफॉर्म WAVES OTT और News On AIR के जरिए ये कार्यक्रम देश-विदेश में सुने जा सकेंगे। इससे स्थानीय संस्कृति को वैश्विक मंच मिलेगा। कार्यक्रम प्रमुख दिनेश पटवा ने कहा- केंद्र से प्रसारित होने वाले स्थानीय, सांस्कृतिक, सामाजिक, शैक्षिक और जनहित के कार्यक्रम अब डिजिटल माध्यम से श्रोताओं तक पहुंचेंगे। इससे कोटपूतली से बाहर रहने वाले लोग भी अपने क्षेत्र की खबरों और कार्यक्रमों से जुड़े रह पाएंगे। अब तक आकाशवाणी कोटपूतली के कार्यक्रम एफएम से क्षेत्रीय श्रोताओं तक पहुंचते थे। डिजिटल प्लेटफॉर्म से श्रोता अपनी सुविधा अनुसार ऑनलाइन सुन सकेंगे। यह विदेशों में रहने वालों के लिए स्थानीय जुड़ाव का नया माध्यम बनेगा। WAVES OTT और News On AIR ऐप स्टोर से डाउनलोड किए जा सकते हैं। डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ने से कार्यक्रमों को व्यापक मंच मिला है।