राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में नगर परिषद सभापति चुनाव की सरगर्मियों और राजनीतिक रस्साकशी के बीच एक हाई-प्रोफाइल घटनाक्रम सामने आया है। जानकारी के मुताबिक हनुमानगढ़ से निर्दलीय विधायक गणेशराज बंसल को सीआईडी-सीबी (CID-CB) और पुलिस की स्पेशल क्राइम ब्रांच टीम ने उस समय हिरासत में ले लिया, जब वे हनुमानगढ़ से बीकानेर की ओर जा रहे थे। 2003 से जुड़े 23 साल पुराने फर्जी पट्टे जारी करने के आरोप में दर्ज दो आपराधिक मामलों के सिलसिले में यह कार्रवाई की गई है। पुलिस और जांच एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी मामले को लेकर गोपनीयता बरत रहे हैं, लेकिन ऑफ द रिकॉर्ड पूछताछ के लिए ले जाए जाने की बात स्वीकार की गई है। खबर है कि शुरूआती पूछताछ के बाद विधायक को अरेस्ट कर लिया गया है। अब फ़र्ज़ी पट्टा मामले में और सघन पूछताछ की जायेगी। विधायक के खिलाफ अचानक हुई इस कार्रवाई से उनके समर्थकों ने सड़कों पर उतरकर जंक्शन पुलिस थाने का घेराव करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया है।