जालंधर देहात पुलिस के सीआईए स्टाफ ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 216 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पहले से आपराधिक मामलों में नामजद हैं और जमानत पर बाहर आने के बाद दोबारा नशे की सप्लाई में सक्रिय हो गए थे। एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि पहली कार्रवाई 13 सितंबर को करतारपुर-कपूरथला रोड पर हुई। एएसआई बलविंदर सिंह के नेतृत्व में टीम चेकिंग कर रही थी। गुरुद्वारे के पास पुलिस ने हमीरा, कपूरथला निवासी कश्मीर सिंह उर्फ शीरा को रोककर तलाशी ली। उसके पास से 116 ग्राम हेरोइन मिली। आरोपी के खिलाफ थाना करतारपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया। दूसरी कार्रवाई 17 सितंबर को लांबड़ा क्षेत्र में की गई। एएसआई सुभाष कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम निझ्झरां अड्डा के पास गश्त कर रही थी। पुलिस को देखकर एक युवक भागने लगा, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। तलाशी में 100 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान लतियांवाल, सुल्तानपुर लोधी निवासी सरबजीत सिंह उर्फ बब्बी के रूप में हुई। उसके खिलाफ थाना लांबड़ा में केस दर्ज किया गया। कश्मीर सिंह के खिलाफ सुभानपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट का मामला पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, कश्मीर सिंह के खिलाफ सुभानपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के 9 मामले दर्ज हैं। सरबजीत सिंह पर सुल्तानपुर लोधी, महितपुर, नकोदर और कपूरथला में एनडीपीएस एक्ट के 4 केस हैं। पुलिस दोनों को अदालत में पेश कर रिमांड पर ले रही है।